प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को जन औषधि दिवस समारोहों को संबोधित करेंगे और इस अवसर पर शिलांग के उत्तर पूर्वी इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य और चिकित्सा संस्थान में 7,500वें जन औषधि केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से जारी एक बयान के मुताबिक मोदी वीडियो कांफ्रेंस से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और ‘‘प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना’’ के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे तथा हितधारकों को उनके अच्छे कार्यों के लिए सम्मानित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना का उद्देश्य किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना है। पीएमओ ने बताया कि इस परियोजना के तहत ऐसे केंद्रों की संख्या 7499 पहुंच गई है। यह केंद्र देश के सभी जिलों में हैं।
पीएमओ ने बताया कि जन औषधि के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने के लिए एक मार्च से सात मार्च तक देश भर में जन औषधि सप्ताह मनाया जा रहा है। इस आयोजन का विषय है ‘‘जन औषधि-सेवा भी रोजगार भी’’।
बयान के अनुसार अब सप्ताह के आखिरी दिन को जन औषधि दिवस के रूप में मनाया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



