प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को वाराणसी लोकसभा सीट से सुबह 11 से 12 बजे के बीच अपना नामांकन पत्र भरेंगे। मोदी पहले शहर कोतवाल बाबा कालभैरव और काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे। पार्टी प्रवक्ता अशोक पांडेय के अनुसार मोदी मलदहिया चौराहे पर पटेल प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। यहां से वह तेलियाबाग, नदेसर, मिंट हाउस होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे जहां वे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
उन्होंने बताया कि उनके नामांकन में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल भी शामिल हो रहे हैं। इस दौरान लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री नेता रामविलास पासवान, एआईएडीएमके, अपना दल और उत्तर-पूर्व के संगठन एनडीए के सहयोगी दलों के कई नेता भी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में इनके अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बता दें कि मोदी 2014 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी से सांसद चुने गये थे। वह पुन: वाराणसी से भाजपा प्रत्याशी हैं।


Download Android App
Download iOS App




