PM मोदी आज गुजरात में करेंगे शहरी विकास योजना का शुभारंभ

Summary :

गुजरात में शहरी विकास की नई दिशा तय करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में शहरी विकास वर्ष 2025 का शुभारंभ करेंगे, जो राज्य के सुनियोजित शहरी विकास का प्रतीक है। इस कार्यक्रम में शहरी नियोजन, स्वच्छ ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिसमें आवास योजना और स्वच्छ वायु कार्यक्रम शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के गांधीनगर में शहरी विकास वर्ष 2025 का शुभारंभ करेंगे, जो राज्य के 20 साल के सुनियोजित और टिकाऊ शहरी विकास का प्रतीक है। यह कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे होगा, जिसमें गुजरात की शहरी रणनीति के अगले चरण की रूपरेखा तैयार की जाएगी। यह आयोजन शहरी नियोजन, स्वच्छ ऊर्जा और बुनियादी ढांचे में गुजरात की अग्रणी भूमिका को और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री मोदी सभा को संबोधित भी करेंगे, जिसमें राज्य के शीर्ष अधिकारी, शहरी योजनाकार और विभिन्न क्षेत्रों के हितधारक शामिल होंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री शहरी विकास, स्वास्थ्य और जल आपूर्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही राज्य स्वच्छ वायु कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा, जो वायु प्रदूषण से निपटने के लिए बहु-क्षेत्रीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।

गुजरात में PM मोदी का भव्य स्वागत, सोफिया कुरैशी के परिवार ने की पुष्पवर्षा

इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत 22,000 से अधिक आवास इकाइयां लाभार्थियों को दी जाएंगी और स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत शहरी स्थानीय निकायों को 3,300 करोड़ रुपए का फंड जारी किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा गुजरात के एकीकृत शहरी विकास मॉडल को रेखांकित करती है और विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और हरित गतिशीलता समाधान के निर्माण के भारत के बड़े लक्ष्य के साथ जुड़ी है। इससे पहले सोमवार को, पीएम मोदी ने भुज में एक सभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति अपनाता है, जिसे ऑपरेशन सिंदूर ने और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि जो कोई भी भारतीय खून बहाने की हिम्मत करेगा, उसे इसके परिणाम भुगतने होंगे।

प्रधानमंत्री ने देश में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, “आज भारत रेल, मेट्रो और इसकी जरूरी टेक्नोलॉजी खुद बनाता भी है और दुनिया में एक्सपोर्ट भी करता है। हमारा ये दाहोद इसका जीता-जागता प्रमाण है। थोड़ी देर पहले यहां हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें सबसे शानदार दाहोद की इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री है। तीन साल पहले मैं इसका शिलान्यास करने आया था। अब इस फैक्ट्री में पहला इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव बनकर तैयार हो गया है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.