पीएम मोदी ने शिंजो आबे के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए शेयर किया भावुक पोस्ट

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के खराब स्वास्थ्य पर दु:ख जताते हुए कहा कि उनके बुद्धिमता पूर्ण नेतृत्व और निजी प्रतिबद्धता के कारण भारत-जापान की साझेदारी पहले से कहीं अधिक गहरी और मजबूत हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के खराब स्वास्थ्य पर दु:ख जताते हुए कहा कि उनके बुद्धिमता पूर्ण नेतृत्व और निजी प्रतिबद्धता के कारण भारत-जापान की साझेदारी पहले से कहीं अधिक गहरी और मजबूत हुई है। जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने वाले आबे ने आज कहा था कि वह सेहत संबंधी एक गंभीर समस्या के दोबारा उभरने के बाद पद छोड़ना चाहते हैं। 
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे, आपकी खराब सेहत के बारे में जानकर दु:ख हुआ। पिछले कुछ साल में आपके बुद्धिमता पूर्ण नेतृत्व और निजी प्रतिबद्धता की वजह से भारत-जापान साझेदारी पहले से कहीं अधिक गहरी और मजबूत हो गयी है। मैं आपके जल्द स्वस्थ होने की कामना और प्रार्थना करता हूं।’’

बता दें, जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के मुताबिक खराब स्वास्थ्य के चलते उन्होंने अपना पद छोड़ दिया है। शिंजो आबे पिछले लंबे वक्त से वो बीमार चल रहे हैं, कुछ वक्त पहले ही उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है।  
शिंजो आबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मैंने प्रधानमंत्री के पद से हटने का फैसला किया है। आबे पुरानी बीमारी अल्सरेटिव कोलाइटिस से जूझ रहे हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री शिंजो आबे के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें हफ्तों से लग रही हैं, मगर हाल के दिनों में लगातार तेज बुखार आने की वजह से वह जांच के लिए दो बार अस्पताल गए।
आबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मैं अपनी इस बीमारी के लिए एक नया ट्रीटमेंट करा रहा हूं, जिसमें नियमित रूप से जांच और देखरेख की जरूरत है। मैं अपने ट्रीटमेंट के दौरान अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए पर्याप्त समय नहीं दे पाऊंगा। हालांकि आबे तब तक पद पर बने रहेंगे, जब तक कि उनकी सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी एक उत्तराधिकारी नहीं चुन लेती।  
पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे आबे को कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पिछली बार वह हॉस्पिटल में करीब 7 घंटे तक रहे थे। बता दें कि शिंजो आबे का कार्यकाल सितबंर 2021 तक था। स्वास्थ्य कारणों की वजह से उन्हें 2007 में भी प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। 

Ujjwal Jain