पाकिस्तान को PM मोदी की सख्त चेतावनी, न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेगा भारत

Summary :

‘ऑपरेशन सिंदूर’ से आतंक के खिलाफ भारत की नई नीति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि भारत न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेगा। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने आतंक के खिलाफ निर्णायक कदम उठाए हैं और आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। भारत की सेनाएं अलर्ट पर हैं और आतंक के ठिकानों पर सटीक प्रहार करने की तैयारी में हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में पाकिस्तान को साफ शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल भारत नहीं सहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि न्यूक्लियर ब्लैकमेल की आड़ में पनप रहे आतंकी ठिकानों पर भारत सटीक और निर्णायक प्रहार करेगा। भारत की तीनों सेनाएं, हमारी एयरफोर्स, हमारी आर्मी और हमारी नेवी, हमारी बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स, भारत के अर्धसैनिक बल लगातार अलर्ट पर हैं। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के बाद, अब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आतंक के खिलाफ भारत की नीति है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने आतंक के खिलाफ लड़ाई में एक नई लकीर खींच दी है, एक नया पैमाना, न्यू नॉर्मल तय कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत पर आतंकी हमला हुआ, तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। हम अपने तरीके से अपनी शर्तों पर जवाब देकर रहेंगे। हर उस जगह जाकर कठोर कार्रवाई करेंगे, जहां से आतंक की जड़ें निकलती हैं।

अब पाकिस्तान से बात सिर्फ पीओके और आतंक पर होगी : PM मोदी

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आतंक की सरपरस्त सरकार और आतंक के आकाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान, दुनिया ने पाकिस्तान का वो घिनौना सच फिर देखा है, जब मारे गए आतंकियों को विदाई देने, पाकिस्तानी सेना के बड़े-बड़े अफसर उमड़ पड़े। पीएम मोदी ने इसे स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज्म का बहुत बड़ा सबूत बताया और कहा कि हम भारत और अपने नागरिकों को किसी भी खतरे से बचाने के लिए लगातार निर्णायक कदम उठाते रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि युद्ध के मैदान पर हमने हर बार पाकिस्तान को धूल चटाई है और इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने नया आयाम जोड़ा है। हमने रेगिस्तानों और पहाड़ों में अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही, न्यू एज वॉरफेयर में भी अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इस ऑपरेशन के दौरान, हमारे ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों की प्रामाणिकता सिद्ध हुई। आज दुनिया देख रही है कि 21वीं सदी के वॉरफेयर में ‘मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट्स’ का समय आ चुका है।

उन्होंने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ हम सभी का एकजुट रहना, हमारी एकता, हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। निश्चित तौर पर ये युग युद्ध का नहीं है, लेकिन ये युग आतंकवाद का भी नहीं है। टेररिज्म के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, ये एक बेहतर दुनिया की गारंटी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.