PNB बैंक के MD ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस , कहा – 2011 में शुरू हुआ फ्रॉड, हमने किया खुलासा

Summary :

NULL

देश की दूसरी बड़ी सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक के साथ 11,400 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा होने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार को पंजाब नेशनल बैंक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस पूरे मामले में अपना पक्ष रखा।

बैंक के एमडी सुनील मेहता ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बैंक इस समय अपनी पूरी क्षमता से गलत काम करने वालों के खिलाफ एक्शन ले रहा है। यह फ्रॉड साल 2011 में शुरू हुआ था। वही , मेहता ने यह भी कहा कि फ्रॉड करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैंक ने इसकी पूरी जानकारी शेयर बाजार नियामक सेबी के साथ भी साझा की है।

बता दे कि इस मामले में अरबपति ज्वैलरी कारोबारी नीरव मोदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। इस मामले में ईडी ने देशभर में कई जगह छापेमारी भी की है। छापेमारी के बाद सीबीआई ने मुंबई के हाजी अली दरगाह के पास वर्ली में स्थित नीरव मोदी का घर भी सील कर दिया है।


नीरव मोदी ने पीएनबी को खत लिख कहा है कि वह सभी पैसे लौटाने को तैयार हैं। उन्होंने इसके लिए 6 महीने का समय मांगा है। उन्होंने कहा है कि वह फायर स्टार डायमंड्स के जरिए पैसे लौटा दूंगा, जिसकी कीमत 6400 करोड़ रुपए है।

ईडी ने नीरव मोदी केस से जुड़ी 9 जगहों पर छापेमारी की। इनमें 4 मुंबई, 2 सूरत और 2 दिल्ली में छापेमारी की गई। ये एफआईआर 31 जनवरी को दर्ज की गई थी। ED ने नीरव मोदी के शोरूम और घर में भी छापेमारी की है। उधर वित्त मंत्रालय ने सभी बैंकों से संदिग्ध ट्रांजैक्शन से जुड़ी रिपोर्ट मांगी हैं, उन्होंने इस रिपोर्ट को तुरंत जमा करने को कहा है।

वित्त मंत्रालय में वित्तीय सेवा सचिव राजीव कुमार ने कहा लगता है यह इकलौता ऐसा केस है, इसका असर अन्य बैंकों पर होने के आसार नहीं हैं। मंत्रालय ने त्वरित कदम उठाते हुए सीबीआई व ईडी को केस सौंप दिया है, ताकि त्वरित कार्रवाई हो सके।

खबरों के अनुसार , नीरव मोदी इस समय देश में नहीं हैं। इस घोटाले में कई बड़ी आभूषण कंपनियां गीतांजलि, गिन्नी और नक्षत्र भी विभिन्न जांच एजेंसियों की जांच के दायरे में आ गई हैं।

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ ।

Desk Team