मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत एक महारत्न पीएसयू पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल पीजीसीआईएल ने इलेक्ट्रिकल, सिविल और कंप्यूटर साइंस के होनहार युवा इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स को इंजीनियर ट्रेनी के रूप में अपने साथ जुड़ने के लिए 319 पदों पर रिक्तियों की घोषणा एक विज्ञापन प्रकाशित करके की है।
पीजीसीआईएल की ओर से विभिन्न विषयों के आधार पर इंजीनियर ट्रेनी पदों के लिए जारी 319 रिक्तियों में इलेक्ट्रिकल के 250, सिविल के 48 और कंप्यूटर साइंस के 21 पद शामिल हैं।
इंजीनियर ट्रेनी के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर के शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे पीजीसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन पोर्टल सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ निर्धारित विषय में पूर्णकालिक बीई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग डिग्री होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त कैंडिडेट्स का गेट (इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट) 2026 परीक्षा उत्तीर्ण होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 दिसंबर 2025 के आधार पर की जाएगी। वहीं आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच और गेट 2026 स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, समूह चर्चा, व्यक्तिगत साक्षात्कार, चिकित्सा परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी एक वर्ष की प्रशिक्षण अवधि के दौरान 40,000 से 1,40,000 रुपए (अनुमानित सीटीसी लगभग 11 लाख रुपए प्रति वर्ष) के बीच प्रतिमाह होगी। वहीं, सफल प्रशिक्षण के बाद कर्मचारियों की सैलरी 50,000 से 1,60,000 रुपए (अनुमानित सीटीसी लगभग 22.5 लाख रुपए प्रतिवर्ष) के बीच प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग, पूर्व सैनिकों और विभागीय उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
–आईएएनएस
डीके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



