सहारनपुर, 28 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उत्तर प्रदेश की सहारनपुर के लाभार्थी कुसुम गुप्ता, मंजुला और सतीश राज ने नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने की इच्छा जताई और कहा कि उनकी सरकार की योजनाओं से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने वाले परिवारों ने बताया कि पहले वे टीन-छप्पर वाले मकानों या किराए के घरों में रहने को मजबूर थे। बरसात के मौसम में टीन की छतों से पानी टपकता था और तेज आंधी में हमेशा डर बना रहता था। वहीं किराए के मकानों में रहने पर मकान मालिकों की प्रताड़ना भी झेलनी पड़ती थी।
लाभार्थियों ने कहा कि मकान मालिक कभी भी घर खाली करने के लिए कह देते थे, जिससे परिवार को असुरक्षा और परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलने के बाद अब उनके सिर पर अपनी छत है और जीवन में स्थिरता आई है।
लाभार्थियों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि आवास योजना की किस्त सीधे उनके बैंक खाते में आती है और इसमें किसी बिचौलिए की भूमिका नहीं होती। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कई तरह की दिक्कतें आती थीं, लेकिन अब पैसा सीधे खाते में पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और गरीबों को पूरा लाभ मिल रहा है।
लाभार्थी कुसुम गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए सरकार की ओर से करीब ढाई लाख रुपए की सहायता मिली। उन्होंने कहा कि पहले उनका परिवार किराए के मकान में रहता था, जहां टीन की छत होने के कारण बरसात में पानी टपकता था और रहने में काफी परेशानी होती थी।
कुसुम ने कहा कि अब पक्का मकान मिलने के बाद जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और परिवार को सुरक्षा का एहसास हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके शासन में हर वर्ग खुश है, जगह-जगह सड़कें बनी हैं और लोगों को मकान जैसी मूलभूत सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनें।
इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली एक अन्य लाभार्थी मंजुला ने भी प्रधानमंत्री आवास योजना को अपने जीवन का बड़ा सहारा बताया। उन्होंने कहा कि पहले उनका घर टूटा-फूटा था, जिससे हमेशा चिंता बनी रहती थी। टीन की छत होने के कारण आंधी और बारिश के समय डर बना रहता था कि कहीं छत उड़ न जाए, लेकिन योजना के तहत मिले पैसे से उन्होंने पक्का मकान बनवाया और अब जीवन में काफी बदलाव महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब परिवार सुरक्षित महसूस करता है और बच्चों के भविष्य को लेकर भी भरोसा बढ़ा है।
लाभार्थियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल में देशभर में विकास कार्य हुए हैं। सड़क, पानी, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब बिना किसी भेदभाव के सीधे लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
–आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)






















