प्रशांत किशोर को लेकर नीरज कुमार का तंज, यही हाल रहा तो राजनीतिक ड्रामेबाजी के उस्ताद बन जाएंगे

पटना, 11 जुलाई (आईएएनएस)। जनता दल (यूनाइटेड) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने शनिवार को जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बांकीपुर उपचुनाव को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।

प्रशांत किशोर के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यदि उनका आत्मविश्वास अब भी कायम है, तो उन्हें यह बताना चाहिए कि वह कौन सा मंत्र जप रहे हैं।

प्रशांत किशोर ने पिछले दिनों कहा था कि चुनाव है तो स्वाभाविक है कि जिस क्षेत्र में आप चुनाव लड़ेंगे, तो वहां घूमेंगे। अभी चुनाव है तो निश्चित तौर पर बांकीपुर में घूमेंगे। लोगों से मिल रहे हैं और बता रहे हैं कि लालू के डर से भाजपा और भाजपा के डर से लालू को वोट देने की परिपाटी से ऊपर उठिए और एक बेहतर व्यक्ति का चुनाव करिए।

नीरज कुमार ने दावा किया कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर को बड़ा राजनीतिक झटका लगा और उनकी पार्टी एक भी सीट जीतने में सफल नहीं हुई। इसके बावजूद वह लगातार बड़े-बड़े बयान दे रहे हैं। यदि यही स्थिति रही तो उन्हें राजनीतिक ड्रामेबाजी के उस्ताद के रूप में याद किया जाएगा। विदेश नीति के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रीय विदेश नीति पर कभी मतभेद नहीं रहा है।

उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की आलोचना करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब दूसरे देश भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करते हैं और विभिन्न समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होते हैं, तो कांग्रेस को उससे आपत्ति क्यों होती है। विपक्ष भ्रष्टाचार आधारित समझौतों की राजनीति करना चाहता है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते ऐसा संभव नहीं है।

बांकीपुर उपचुनाव के मुद्दे पर नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना उम्मीदवार वापस नहीं लिया, बल्कि उम्मीदवार ने स्वयं नामांकन वापस लिया। जिस व्यक्ति को लोग केवल प्रचार सामग्री बांटने वाला कार्यकर्ता समझ रहे थे, वही बाद में उम्मीदवार बना।

उन्होंने बताया कि वह पहले भाजपा के मंडल अध्यक्ष के रूप में संगठन में काम कर चुका था। इसे राजनीति का अनोखा उदाहरण बताते हुए नीरज कुमार ने कहा कि यह घटनाक्रम चुनावी राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा के लोग चेहरा देखकर टिकट नहीं देते हैं, जो पार्टी में अच्छा काम करते हैं, उनको टिकट दिया जाता है। एक बार फिर से भाजपा के मंडल अध्यक्ष को टिकट देकर यह साबित कर दिया है कि काम के आधार पर टिकट मिला है।

–आईएएनएस

एसएके/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।