राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार (18 अक्टूबर) को बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति बिहार का चौथा कृषि रोड मैप लॉन्च करेंगी। इसके अलावा उनके मोतिहारी और गया जाने का भी कार्यक्रम है।
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति अपने दौरे के पहले दिन यानी 18 अक्टूबर को पटना पहुंचने के बाद बापू सभागार में बिहार के चौथे कृषि रोड मैप का विधिवत शुभारंभ करेंगी। इस दिन बापू सभागार में 2000 किसान सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी उपस्थित रहेंगी।
18 अक्टूबर को राष्ट्रपति के आगमन पर राजभवन में रात्रि भोज का आयोजन किया जा रहा है। इस भोज में प्रदेश के गणमान्य लोग हिस्सा लेंगे। इस भोज को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है। इसी दिन राष्ट्रपति तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेकने भी जाएंगी। राष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।
19 अक्टूबर को राष्ट्रपति मोतिहारी जाएंगी जहां महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इसी दिन शाम को पटना एम्स के दीक्षांत समारोह में भी हिस्सा लेंगी। 20 अक्टूबर को वे पटना से गया जाएंगी जहां दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इस दिन उनके महाबोधि मंदिर भी जाने की संभावना है। इसके बाद गया से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति के बिहार आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



