राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की हालत स्थिर है और उन्हें आगे की जांच के लिये एम्स ले जाया गया है, जहां मंगलवार को उनकी बाइपास सर्जरी की जा सकती है । राष्ट्रपति भवन के बयान में यह जानकारी दी गई है।
राष्ट्रपति भवन ने कहा, ‘‘नियमित मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों द्वारा राष्ट्रपति महोदय की देखरेख की जा रही है। उनकी हालत स्थिर है एवं विशेषज्ञ उनकी देखरेख कर रहे हैं।’’ बयान के अनुसार, ‘‘राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को 27 मार्च की दोपहर को दिल्ली स्थित एम्स ले जाया गया। जांच करने के बाद डाक्टरों ने उन्हें बाइपास सर्जरी कराने की सलाह दी, जो 30 मार्च को सुबह में होने की संभावना है । ’’
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को शुक्रवार सुबह सीने में तकलीफ होने के बाद स्वास्थ्य जांच के लिये सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल लाया गया था । अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है, ‘‘ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की हालत स्थिर है। उन्हें आगे की जांच के लिये एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) रेफर किया गया है।’’
नियमित मेडिकल चेकअप के बाद डॉक्टरों द्वारा राष्ट्रपति महोदय की देखरेख की जा रही है। उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी लेने वाले सभी शुभ-चिंतको के प्रति राष्ट्रपति महोदय ने धन्यवाद व्यक्त किया है।
— President of India (@rashtrapatibhvn) March 27, 2021
राष्ट्रपति भवन के ट्वीट में कहा गया है, ‘‘नियमित मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों द्वारा राष्ट्रपति महोदय की देखरेख की जा रही है। उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी लेने वाले सभी शुभचिंतकों के प्रति राष्ट्रपति महोदय ने धन्यवाद व्यक्त किया है।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को राष्ट्रपति के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल गए थे।


Download Android App
Download iOS App



