जयपुर : भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन लाल सैनी को एक पत्र मिला है जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जान से मारने की एक धमकी दी गई है। सैनी ने पत्र को जांच के लिये अशोक नगर थाने को भेजा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पत्र की जांच पड़ताल कर ली गई है और उन्हें पत्र में किसी प्रकार की गंभीरता नजर नहीं आई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने ‘भाषा’ को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथग्रहण से एक दिन पहले एक हस्तलिखित पत्र उन्हें मिला था।
उन्होंने बताया कि हस्तलिखित पत्र में तीन लोगों के नाम हैं और इसमें लिखा गया है कि शपथ ग्रहण के दिन प्रधानमंत्री को गोली मार देंगे। उन्होंने बताया कि पत्र में राजेश टांक, छोटू और एक अन्य के नाम का उल्लेख है। जयपुर (दक्षिण) के उपायुक्त योगेश दाधीच ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ लेने के एक दिन पहले मामला सामने आने के बाद पत्र में दिये गये पते से पुलिस दल ने तीन चार लोगों से पूछताछ की लेकिन उनकी इसमें किसी प्रकार की संलिप्तता सामने नहीं आई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह किसी आपसी रंजिश का मामला प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि पत्र इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) को सौंप दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



