गुवाहाटी : कांग्रेस की स्टार प्रचारक और महासचिव प्रियंका गांधी दक्षिण असम के सिलचर में पार्टी की मौजूदा सांसद सुष्मिता देव के निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो में मौजूद रहेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस उत्तर प्रदेश (पूर्व) की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा सिलचर के सदरघाट से रांगिरखारी तक रोड़ शो में भाग लेंगी।
असम के विभिन्न हिस्सों से कांग्रेस के समर्थकों ने श्रीमती वाड्रा से असम का दौरा करने और राज्य में पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने की मांग की है। हालांकि असम में पांच लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र जोरहाट, डिब्रूगढ़, कलियाबोर, तेजपुर और लखीमपुर में 11 अप्रैल को लोकसभा के पहले चरण में मतदान हो चुके हैं जबकि 18 अप्रैल को दूसरे चरण में बराक घाटी, मध्य असम और पर्वतीय इलाकों में मतदान होना है।
सिलचर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने मौजूदा सांसद एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव को पार्टी उम्मीदवार के रूप में उतारा है। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा पार्टी के अन्य स्टार प्रचारकों में नवजोत सिंह सिद्धू पहले ही सिलचर में सुश्री देव के लिए चुनाव प्रचार कर चुके हैं। कांग्रेस ने घोषणा की है कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है और सुश्री देव को फिर से सांसद चुना जाता है, तो उन्हें केंद, में कांग्रेस नीत मंत्रालय में मंत्री पद दिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App




