भाजपा की एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि यदि उनकी बहन प्रियंका गांधी विपक्षी दल का ‘‘तुरूप का इक्का’’ हैं, तो क्या राहुल ‘जोकर’ थे। भाजपा की महाराष्ट्र प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य सरोज पांडे ने ताश के पत्तों की शब्दावली का इस्तेमाल किए जाने को उचित ठहराते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के बयान का जिक्र किया, जिन्होंने प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी का महासचिव नियुक्त किए जाने को ‘‘ट्रंप कार्ड’’ के तौर पर उठाया गया कदम बताया था।
पांडे ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के नेता, गुलाम नबी आजाद ने कहा था कि हम ट्रंप का इक्का चलते हैं… तब तो इसका मतलब यह है कि वे अब तक जोकर से खेल रहे थे।’’ भाजपा नेता ने जालना में महाराष्ट्र भाजपा के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह कहा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं ताश नहीं खेल सकती लेकिन आप ट्रंप कार्ड और जोकर में अंतर में समझ सकते हैं।’’ उन्होंने अपनी टिप्पणी को स्पष्ट करते हुए कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि हम उन्हें (राहुल गांधी को) जोकर कह रहे हैं, बल्कि उनके अपने ही नेता ने उनके बारे में यह कहा है। उन्हें पप्पू कहने को लेकर हमारी आलोचना होती है।’’ पांडे ने कहा, ‘‘यदि पार्टी (कांग्रेस) ने अपना ट्रंप कार्ड पहले खेला होता तो, इस जोकर ने देश का इतना वक्त बर्बाद नहीं किया होता।’’


Download Android App
Download iOS App



