गडकरी ने कांग्रेस का पर्दाफाश किया, मोदी सरकार के विकास कार्यो को किया रेखांकित : भाजपा

Summary :

बयान को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि गडकरी की निगाहें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर है और उनके निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान के बहाने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विपक्षी दलों के तंज के बीच भाजपा ने सोमवार को कहा कि गडकरी की टिप्पणी का मकसद कांग्रेस का पर्दाफाश करना और केंद्र सरकार के विकास कार्यो को रेखांकित करना था। भारतीय जनता पार्टी की ओर से यह स्पष्टीकरण गडकरी के उस बयान के एक दिन बाद सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ऐसे राजनीतिक नेता जो सपने दिखाते हैं और पूरा नहीं करते तो जनता उन्हें ‘पीटती’ भी है।

केंद्रीय मंत्री ने जोर दिया था कि वह काम करने और वादे पूरा करने में विश्वास रखते हैं। गडकरी के बयान को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि गडकरी की निगाहें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर है और उनके निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

 बहरहाल, गडकरी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनके सहयोगी प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि वे :गडकरी: कांग्रेस पर निशाना साध रहे थे और बता रहे थे कि किस प्रकार से विपक्षी पार्टी ने देश को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा, ‘‘ गडकरी यह बता रहे थे कि कांग्रेस ने देश को किस प्रकार से नुकसान पहुंचाया। वे उदाहरण दे रहे थे कि किस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। वे :गडकरी: कांग्रेस का पर्दाफाश करने के लिये प्रभावी भाषण देते हैं।

Desk Team