लाहौर जाने वाली PTDC की बस दिल्ली से रवाना

Summary :

दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम टर्मिनल से पीटीडीसी (Pakistan Tourism Development Corporation) की एक बस दो यात्रियों के साथ शनिवार सुबह लाहौर के लिए रवाना हुई।

दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम टर्मिनल से पीटीडीसी (Pakistan Tourism Development Corporation) की एक बस दो यात्रियों के साथ शनिवार सुबह लाहौर के लिए रवाना हुई। बस ऐसे वक्त में रवाना हुई है जब पाकिस्तान सरकार ने दिल्ली-लाहौर बस सेवा को निलंबित करने के फैसले की घोषणा की है।
जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा हटाने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के नरेंद्र मोदी सरकार के फैसले के बाद पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच मैत्री बस सेवा निलंबित कर दी है। यह बस सेवा फरवरी 1999 में शुरू हुई थी लेकिन 2001 में संसद हमले के बाद यह निलंबित कर दी गई थी।
फिर जुलाई 2003 को इस बस सेवा को बहाल किया गया। दिल्ली परिवहन प्राधिकरण (डीटीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘पाकिस्तान पर्यटन विकास प्राधिकरण (पीटीडीसी) की बस दो यात्रियों को लेकर अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल से सुबह छह बजे लाहौर के लिए रवाना हुई। वहीं, लाहौर से दिल्ली आ रही डीटीसी की बस में तीन यात्री सवार हैं।’’ उन्होंने कहा कि पीटीडीसी ने सेवा को निलंबित करने के संबंध में डीटीसी को फोन पर सूचित कर दिया है। 
उन्होंने कहा, ‘‘पीटीडीसी से औपचारिक तौर पर एक पत्र आज मिलेगा।’’ इस साल फरवरी में पुलवामा आतंकवादी हमले और बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक के बाद द्विपक्षीय संबंध बिगड़ने पर यात्रियों की बेहद कम संख्या के बावजूद यह बस सेवा जारी थी। 

कठुआ रेप-हत्या मामले में आज आएगा फैसला, पठानकोट कोर्ट के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

लाहौर-दिल्ली बस सेवा दिल्ली गेट के समीप अंबेडकर स्टेडियम टर्मिनल से चलती है। डीटीसी की बसें हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को और पाकिस्तान पर्यटन विकास प्राधिकरण (पीटीडीसी) की बसें हर मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को दिल्ली से लाहौर रवाना होती हैं। वापसी में डीटीसी की बसें हर मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को लाहौर से रवाना होती हैं जबकि पीटीडीसी की बसें हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना होती हैं।
 इससे पहले पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख रशीद अहमद ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह राजस्थान से सटी सीमा के जरिए दोनों देशों के बीच चलने वाली थार एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को निलंबित कर रहे हैं। इससे एक दिन पहले पाकिस्तान ने द्विपक्षीय संबंधों का दर्जा कम करने के फैसले के बाद समझौता एक्सप्रेस को भी निलंबित कर दिया था। 

Desk Team