चंडीगढ़, 11 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक मुद्दों और नेताओं की चिंताओं को लेकर पार्टी के प्रभारी भूपेश बघेल के साथ हुई बैठकों को लेकर पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बघेल के पांच दिवसीय पंजाब दौरे के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिला और सभी ने खुलकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए।
प्रताप सिंह बाजवा ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि जब वे भूपेश बघेल को एयरपोर्ट से अपने आवास लेकर आए थे, तभी बातचीत में यह तय हुआ था कि बघेल पार्टी नेताओं की छोटी-बड़ी सभी चिंताओं को सुनेंगे। इसके बाद उनके प्रवास के दौरान कई लंच, डिनर और ब्रेकफास्ट बैठकों का आयोजन किया गया, जिनमें कांग्रेस के अलग-अलग नेताओं ने अपनी राय रखी।
बाजवा ने कहा, “विधायक राणा गुरजीत सिंह, जो विधानसभा में मेरे साथी हैं, ने मुझे बुलाया था; बैठक में पंजाब के कई नेता शामिल हुए थे। इस दौरान नेताओं ने भूपेश बघेल के सामने अपनी बात रखी और उनसे आग्रह किया कि वे पार्टी हाईकमान तक उनकी चिंताओं को पहुंचाएं। नेताओं का कहना था कि वे चाहते हैं कि उनकी समस्याओं को संगठन के शीर्ष स्तर पर सुना जाए और उचित समाधान निकाला जाए।”
उन्होंने कहा, “भूपेश बघेल ने सभी नेताओं को आश्वासन दिया है कि उनकी चिंताओं और हितों का ध्यान रखा जाएगा। बघेल ने भरोसा दिलाया कि वे सभी मुद्दों को पार्टी हाईकमान के सामने रखेंगे और वहां से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
बाजवा के अनुसार, कई नेताओं ने यह इच्छा भी जताई कि पार्टी नेतृत्व उन्हें आगे काम करने का अवसर दे। उन्होंने कहा, “नेताओं को भरोसा है कि उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाएगा। पंजाब के लोग चाहते हैं कि कांग्रेस एकजुट होकर काम करे और राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आगे बढ़े।”
उन्होंने कहा, “किसी भी विवाद या मतभेद का समाधान बातचीत के जरिए ही संभव है। सभी नेताओं ने बैठक में अपनी बातें रखीं और सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई।”
बाजवा ने भूपेश बघेल की भूमिका की तुलना एक वरिष्ठ व्यक्ति से करते हुए कहा कि जब परिवार या समाज में कोई विवाद होता है तो वरिष्ठ व्यक्ति बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा, “भूपेश बघेल पार्टी के प्रभारी हैं और सभी को विश्वास है कि वह स्वतंत्र रूप से अपनी रिपोर्ट हाईकमान को देंगे।”
उन्होंने सभी नेताओं का विश्वास बनाए रखने की बात कही और उम्मीद जताई कि पार्टी एकजुट होकर पंजाब में आगे की रणनीति तैयार करेगी।
–आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























