चंडीगढ़/अमृतसर, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों और विस्फोटकों की सप्लाई करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
इस संबंध में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करके जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “एक बड़ी कामयाबी में, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों और विस्फोटकों की सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से एके-47 राइफल, मैगजीन, कारतूस और 2 हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।”
डीजीपी के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी का संबंध कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों से है और वह अवैध हथियार हासिल करने और सप्लाई करने में शामिल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पंजाब में अशांति फैलाने या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए मंगवाई गई थी।
पुलिस ने इस मामले में अमृतसर के घरिंडा पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके और इसके पीछे के और आगे के कनेक्शन को उजागर किया जा सके।
पंजाब पुलिस पिछले कुछ महीनों से सीमा पार से हो रही हथियारों की तस्करी को लेकर अलर्ट पर है। ड्रोन के जरिए हथियार और ग्रेनेड भेजे जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में अमृतसर ग्रामीण पुलिस की यह कार्रवाई काफी अहम मानी जा रही है।
डीजीपी गौरव यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “पंजाब पुलिस अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित आपराधिक नेटवर्क पर कड़ी नजर रखने और अवैध सप्लाई चेन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद एके-47 और ग्रेनेड कहां से आए और इन्हें पंजाब में किसे सप्लाई किया जाना था। खुफिया एजेंसियों को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है।
–आईएएनएस
एससीएच/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



