Punjab: पंजाब में अमृतसर के बाहरी इलाके में स्थित दबुर्जी गांव में एक अनिवासी भारतीय(एनआरआई) को उसके घर पर दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने मारी गोली
पुलिस ने बताया कि हाल ही में अमेरिका से लौटे सुखचैन सिंह को उनकी पत्नी और उनकी पहली शादी से हुए दो बच्चे के सामने गोली मार दी गई। पुलिस के अनुसार सिंह सुबह की सैर के लिए जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन्हें उनके घर के बाहर रोक लिया। वे उन्हें उनके घर के अंदर ले गए और उनसे उनकी लग्जरी कार के रजिस्ट्रेशन के कागजात मांगे।
पत्नी ने हत्या के पीछे जताया पहली पत्नी के परिवार का हाथ
पुलिस ने बताया कि विवाद के बाद हमलावरों ने सिंह के साथ मारपीट की, उन पर तीन गोलियां चलाईं और मौके से भाग गए। दो गोलियां सिंह के सिर और सीने के पास लगीं। वारदात के बाद सिंह को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। पूरी घटना पीड़ित के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच जारी है। सिंह की पत्नी ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे उनकी पहली पत्नी के परिवार का हाथ है।


Download Android App
Download iOS App



