लखनऊ, 11 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी को झटका देते हुए बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के सपा नेता अनिल यादव को अपने पाले में कर लिया। बुधवार को दोनों नेताओं ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्हें सदस्यता दिलाई। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता सर्वोपरि है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम, समर्पण और योगदान को सम्मान मिलता है। अरविंद चौधरी, अनिल यादव और उनके समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते लगभग 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली का आधार बना है। गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए बिना किसी भेदभाव के काम किया गया है।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनसेवा के लक्ष्य के साथ पूरी प्रतिबद्धता से जुटा है। देश के मौजूदा राजनीतिक और लोकतांत्रिक माहौल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ शक्तियां देश में अराजकता फैलाकर लोकतांत्रिक वातावरण को प्रभावित करने और भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसी परिस्थितियों की ओर धकेलने की कोशिश की जा रही है? क्या देश में तख्तापलट जैसी परिस्थितियां पैदा करने की मंशा है? उन्होंने कहा कि देशवासियों को ऐसे प्रयासों के प्रति सजग रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है। देश के नौजवानों और जागरूक जनता ने अराजकता फैलाने तथा माहौल खराब करने के प्रयासों का मुंहतोड़ जवाब दिया है। आगामी चुनाव केवल किसी व्यक्ति की जीत या सरकार बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह देश की स्थिरता, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा से भी जुड़ा विषय है। देश को अस्थिर करने वाली शक्तियों के मंसूबों को विफल करना सभी का दायित्व है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भयमुक्त वातावरण में विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ प्रदेश में संगठन को लगातार मजबूत कर रही है।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



