सहारा समूह को न्यूयॉर्क स्थित द प्लाजा होटल के लिए खरीदार मिल गया है। कतर सरकार के स्वामित्व वाले कोष कतारा होल्डिंग्स ने करीब 60 करोड़ डॉलर में इस होटल का अधिग्रहण किया है जिसमें सहारा समूह की बहुलांश हिस्सेदारी है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक खबर में यह जानकारी दी गई है। इसके अनुसार कतारा होल्डिंग्स ने होटल का पूरा स्वामित्व अपने हाथ में ले लिया है। इसमें सहारा इंडिया परिवार की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी भी शामिल है। इसके अलावा , उसने न्यूयॉर्क की रीयल एस्टेट कंपनी एशकेनजी एक्यूजीशन कॉर्प और उसके साझेदार सऊदी के शहजादे अल – वहीद बिन तलाल से बाकी 25 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है।
सहारा समूह ने इस संबंध में अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सौदे से जुड़े लोगों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि यह सौदा सोमवार को पूरा हुआ।
कतारा होल्डिंग्स एक आतिथ्य कोष है जो कि कतर सरकार के लिए दुनिया भर में होटल खरीदता है और उसका प्रबंधन करता है। सहारा समूह ने 2012 में सौदे के तहत बहुलांश हिस्सेदारी खरीदी थी। वह काफी समय से इसे बेचने की कोशिश कर रहा था लेकिन बेचने में नाकाम रहा। पिछले वर्ष सहारा ने इस संपत्ति की नीलामी के लिए ब्रोकरेज फर्म जोंस लांग लासले को नियुक्त किया था।


Download Android App
Download iOS App



