नीट और जेईई परीक्षा के विरोध में राहुल का वार- लाखों छात्रों के मन की बात को सुने सरकार

Summary :

कांग्रेस नेता ने रविवार को सरकार से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) और संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) को लेकर छात्रों की चिंताओं पर विचार करने और स्वीकार्य समाधान निकालने का आग्रह किया।

जेईई और नीट परीक्षा लिए जाने का विरोध अब तक कई छात्रों द्वारा किया जा रहा था। अब इन परीक्षाओं के विरोध में विपक्ष भी कूद गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता  ने रविवार को सरकार से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) और संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) को लेकर छात्रों की चिंताओं पर विचार करने और स्वीकार्य समाधान निकालने का आग्रह किया।

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई छात्रों और अभिभावकों ने प्रवेश परीक्षा स्थगित करने की मांग की है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “भारत सरकार को नीट, जेईई परीक्षा के बारे में छात्रों के मन की बात को सुनना चाहिए और स्वीकार्य समाधान पर पहुंचना चाहिए।”

गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने छात्रों का कीमती वर्ष बर्बाद ना होने का हवाला देते हुए सोमवार को जेईई (मेन) और नीट स्नातक परीक्षा स्थगित करने का अनुरोध करने वाली याचिका को खारिज कर दिया था । इसका आयोजन सितंबर माह में निर्धारित है। जेईई (मुख्य) एक सितंबर से छह सितंबर के बीच आयोजित किया जाना है जबकि जेईई(एडवांस्ड) 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। वहीं, नीट का आयोजन 13 सितंबर को होगा।
शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा था कि जेईई (मुख्य) और नीट-यूजी की परीक्षाएं सितंबर में निर्धारित समय पर आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया,“कोरोना को लेकर देश में परिस्थितियां अभी सामान्य नहीं हुईं हैं। ऐसे में अगर नीट और जेईई परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों ने कुछ चिंताएं जाहिर की हैं तो भारत सरकार व टेस्ट कराने वाली संस्थाओं को उस पर सही से सोच विचार करना चाहिए।”

Desk Team