नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ‘चयनात्मक आलोचना’ की राजनीति कर रहे हैं और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार से तुरंत समर्थन वापस लें। साथ ही उन्होंने कांग्रेस द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम के कथित अपमान को लेकर सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की।
गौरव वल्लभ ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “राहुल गांधी चयनात्मक आलोचना की राजनीति के शिकार हैं। एक ही बात उनके लिए दिल्ली में गलत है और रांची में सही। दिल्ली में वह सवाल पूछते हैं कि आंसू गैस के गोले किसने छोड़े, लेकिन रांची में राहुल गांधी जिस सरकार का हिस्सा हैं, वहां पर आंसू गैस के गोले चलाए जा रहे हैं। छात्रों पर डंडे बरसाए जा रहे हैं।”
उन्होंने सवाल उठाया, “राहुल गांधी झारखंड सरकार से समर्थन क्यों नहीं वापस लेते। हेमंत सोरेन तुरंत राष्ट्रपति शासन की सिफारिश कीजिए, क्योंकि आपके पास बहुमत नहीं है।”
भाजपा नेता ने कहा, “राहुल गांधी जो राजनीतिक ड्रामेबाजी दिल्ली में करते हैं, उसे रांची में क्यों नहीं करते हैं। वे सोरेन का इस्तीफा क्यों नहीं मांगते हैं। राहुल गांधी की राजनीति सिर्फ और सिर्फ छात्रों के कंधों पर चढ़कर सत्ता हासिल करने की है, लेकिन यह वह जेनरेशन है, जो योग्यता को प्रणाम करती है और नेपो किड्स से घृणा करती है। राहुल गांधी की यहां पर दाल नहीं गलने वाली है।”
वंदे मातरम विवाद पर गौरव वल्लभ ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा, “बंकिमचंद्र चटर्जी के राष्ट्रीय गीत का अपमान करने का लगातार पाप कांग्रेस ने किया है। वे सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति करना चाहते थे। अगर देश की मुख्य विपक्षी पार्टी भारत के राष्ट्रीय गीत का सम्मान नहीं कर सकती, तो वह देश के किस धरोहर का सम्मान कर सकती है।”
उन्होंने कहा, “जो गीत हर देशवासी के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करता है, उस गीत का तिरस्कार कांग्रेस पार्टी ने 65 सालों तक क्यों किया? कांग्रेस पार्टी ने इस गीत को 80वें स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में क्यों रुकवाया? उस कार्यक्रम में लोकसभा के विपक्ष के नेता और राज्यसभा के विपक्ष के नेता मौजूद थे तो उन्होंने उस समय हस्तक्षेप क्यों नहीं किया?”
गौरव वल्लभ ने आरोप लगाया, “कांग्रेस की राजनीति आज भी तुष्टिकरण पर अटकी है। सारी चीजें दिखाती हैं कि कांग्रेस की राजनीति आज भी तुष्टिकरण की राजनीति पर अटकी हुई है, जबकि देश गुड गवर्नेंस, परफॉर्मेंस और डबल इंजन को अपना चुका है। इसी को लेकर 2047 के विकसित भारत के संकल्प की ओर बढ़ रहा है।”
–आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



