अहमदाबाद, 5 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा है। संसद में कामकाज में बाधा डालने, रैलियों के आयोजन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बहस की मांग, विदेशी फंडिंग के आरोपों और उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर उन्होंने प्रतिक्रिया दी। गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी को अपने मुद्दे संसद में उठाने चाहिए, क्योंकि संसद लोकतंत्र का मंदिर है। वहीं, उन्होंने सीजेपी नेताओं से जुड़े मामले को देश के खिलाफ कथित षड्यंत्र बताते हुए गंभीर आरोप लगाए और उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के विकास कार्यों की सराहना की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से राहुल गांधी और कांग्रेस की संसद में कामकाज बाधित करने और रैलियों को लेकर की गई आलोचना पर रोहन गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी का कर्तव्य है कि वे संसद की गरिमा बनाए रखें। यदि कांग्रेस के पास वोट चोरी के सबूत हैं या किसी मुद्दे पर चर्चा करनी है, तो वह संसद में क्यों नहीं आती? राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर हैं और उन्हें संसद में आकर अपनी बात रखनी चाहिए। संसद में चर्चा के लिए सरकार तैयार है और अमित शाह भी हर मुद्दे पर बहस की बात कह चुके हैं। ऐसे में विपक्ष को संसद से दूर नहीं भागना चाहिए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सड़क पर बयान देते हैं, लेकिन संसद में अपने दावों को रखने से बचते हैं। यदि वोट चोरी के आरोपों के समर्थन में सबूत हैं तो उन्हें सदन में पेश किया जाना चाहिए, ताकि देश की जनता के सामने सच्चाई आ सके। कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी अपनी चुनावी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने की कोशिश कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बहस करने की राहुल गांधी की मांग पर गुप्ता ने कहा कि जब किसी मुद्दे में दम नहीं होता, तब ध्यान भटकाने के लिए नए-नए बयान दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक मुद्दे पर सवाल उठने के बाद दूसरे मुद्दे पर चले जाते हैं। केवल नारे लगाने या रील बनाने से राजनीति नहीं होती, बल्कि चुनावी परिणामों से राजनीतिक स्थिति स्पष्ट होती है। उन्होंने लद्दाख और आंध्र प्रदेश के चुनावी परिणामों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। गुप्ता ने कहा कि लगातार चुनावी हार के बाद कांग्रेस मुख्य मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नए बयान दे रही है। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को जिम्मेदारी से बोलना चाहिए, अन्यथा उसके समर्थक भी उससे दूर हो सकते हैं।
सीजेपी नेता अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका को लेकर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की टिप्पणी पर रोहन गुप्ता ने कहा कि कुछ लोग छात्रों का नाम लेकर और छात्र आंदोलन का मुखौटा पहनकर अपने एजेंडे को आगे बढ़ा रहे थे। गुप्ता ने दावा किया कि इस पूरे घटनाक्रम को देश के खिलाफ कथित षड्यंत्र और तख्तापलट की कोशिशों से जोड़कर देखा जाना चाहिए। कुछ लोगों की मंशा बांग्लादेश और नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने की थी, ताकि देश के लोकतांत्रिक ढांचे को प्रभावित किया जा सके।
उन्होंने देश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि 140 करोड़ लोगों ने लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था दिखाई है। भारत का लोकतंत्र तख्तापलट से नहीं, बल्कि संसद और जनता के वोट से चलता है। जनता जिसे अपना समर्थन देती है, वही देश का नेतृत्व करता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से समाजवादी पार्टी पर की गई टिप्पणी कि साइकिल का टायर पंक्चर है और उत्तर प्रदेश की पहचान अब एक्सप्रेसवे से है, पर गुप्ता ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश काफी आगे बढ़ चुका है और अब उसकी पहचान तेज रफ्तार विकास से बन रही है। उन्होंने कहा कि सपा के शासन में उत्तर प्रदेश की गति धीमी हुई और प्रदेश में माफिया राज और आतंकवाद जैसी समस्याएं बढ़ीं। अब उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन चुका है। भविष्य में वहां बुलेट ट्रेन और हाईस्पीड ट्रेन चलने की भी उम्मीद है। प्रदेश की जनता अपनी विकास की रफ्तार कम नहीं करना चाहती और भाजपा के साथ आगे बढ़ने का मन बना चुकी है।
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



