LAC विवाद को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा- क्या चीन का भारतीय जमीन पर कब्जा?

Summary :

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “चीनी आक्रमण के खिलाफ हम एकजुट खड़े हैं। क्या भारतीय जमीन पर चीन ने कब्जा किया है?

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्वी लद्दाख में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवानों के शहीद होने और सीमा विवाद को लेकर लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है।  उन्होंने मंगलवार को एक बार फिर केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या भारतीय जमीन पर चीन का कब्ज़ा है? 

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “चीनी आक्रमण के खिलाफ हम एकजुट खड़े हैं। क्या भारतीय जमीन पर चीन ने कब्जा किया है?

बता दें कि इससे पहले राहुल  गांधी ने लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को ‘चकित और हतप्रभ’ करने वाला करार देते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने चीनी आक्रामकता के आगे भारतीय क्षेत्र उसे सौंप दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री को “सरेंडर मोदी” भी कहा।
इस आरोप के अलावा उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या “निहत्थे भारतीय सैनिकों” को चीनी सेना से लड़ने भेजा गया था। बता दें कि राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री ने चीनी आक्रमण के बाद भारतीय क्षेत्र को आत्मसमर्पित कर दिया। यदि जमीन चीन की थी तो हमारे सैनिकों को क्यों मारा गया? और  वे कहां मारे गए थे?”
वहीं सोमवार को राहुल ने लद्दाख में गतिरोध से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की पृष्ठभूमि में सोमवार को सवाल उठाया कि आखिर इस टकराव के समय चीन हमारे प्रधानमंत्री की तारीफ क्यों कर रहा है? उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘ चीन ने हमारे सैनिकों की हत्या कर दी। चीन ने हमारी जमीन ले ली। फिर चीन इस टकराव के दौरान मोदी तारीफ क्यों कर रहा है?’’ 

Desk Team