सोनिया गांधी ने PM मोदी से की गरीबों को मुफ्त अनाज देने की मियाद तीन महीने और बढ़ाने की मांग

Summary :

सोनिया गांधी ने पत्र में कहा है, “केंद्र सरकार को मुफ्त अनाज वितरण के प्रावधान को अतिरिक्त तीन महीने बढ़ाकर सितंबर 2020 तक करने पर हर हाल में विचार करना चाहिए, जैसा कि कई राज्यों ने भी अनुरोध किया है।”

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर गरीबों और जरूरतमंदों को मुफ्त अनाज वितरण अवधि अतिरिक्त तीन महीने बढ़ाकर सितंबर तक करने की मांग की है। सोनिया ने कहा है कि चूंकि तीन महीने पहले लॉकडाउन की घोषणा की गई थी, लिहाजा लाखों की संख्या में लोग गरीबी में पहुंचने के कगार पर हैं और प्रतिकूल असर ने खाद्य असुरक्षा की स्थिति पैदा कर दी है।

सोनिया गांधी ने पत्र में कहा है, “केंद्र सरकार को मुफ्त अनाज वितरण के प्रावधान को अतिरिक्त तीन महीने बढ़ाकर सितंबर 2020 तक करने पर हर हाल में विचार करना चाहिए, जैसा कि कई राज्यों ने भी अनुरोध किया है।” कांग्रेस की अंतरिक्षत अध्यक्ष ने यह मांग भी की कि अस्थायी राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाने चाहिए, क्योंकि कई गरीब परिवार पीडीएस से बाहर हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार के पास अंत्योदय योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जून तक प्रति व्यक्ति पांच किलोग्राम अनाज देने का प्रावधान पहले से है, और सरकार ने इस सुविधा को उन प्रवासियों को भी दिया है, जो पीडीएस में शामिल नहीं हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि महामारी और लॉकडाउन के कारण शहरी और गरीब भारतीय भूखमरी का सामना कर रहे हैं और इसलिए भोजन हकदारी योजना बढ़ाई जानी चाहिए।

Desk Team