कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कल से एक बार फिर गुजरात के तीन दिन के चुनावी दौरे पर होंगे और इस दौरान राज्य में कांग्रेस का मजबूत गढ कहे जाने वाले उत्तरी जिलों में कई सभाएं और सीधे संवाद के अलावा विश्वविख्यात शक्तिपीठ अंबाजी समेत कई मंदिरों में दर्शन भी करेंगे।
राहुल गांधी का यह दौरा नवसर्जन गुजरात यात्रा के चौथे चरण के तहत होगा जिसकी शुरूआत (पहला चरण) द्वारका के मंदिर से पूजा अर्चना के बाद 25 सितंबर को हुई थी। चौथे चरण में वह उत्तर गुजरात के छह जिलो गांधीनगर, साबरकांठा, बनासकांठा, पाटण, अरवल्ली और महेसाणा का दौरा करेंगे।
इनमें से बनासकांठा जिले में इस साल भयावह बाढ के बाद चार अगस्त को वहां धानेरा शहर में राहुल के वाहन पर पत्थर से हमला हुआ था। बनासकांठा के एसपी नीरज बडगुजर ने आज बताया कि एहतियात के तौर पर इस बार उनकी सुरक्षा के लिए कडे इंतजाम किये जा रहे हैं। उत्तर गुजरात की कुल 32 विधानसभा सीटों में पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 17 पर जीत हासिल की थी।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष दोषी ने बताया कि राहुल गांधी कल अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और वहां से गांधीनगर के चिलोडा से अपनी यात्रा की शुरूआत करेंगे। पहले दिन की यात्रा के बाद वह अंबाजी मंदिर में दर्शन करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। अपनी इस यात्रा के दौरान वह बेचराजी मंदिर समेत कई अन्य मंदिरों में भी दर्शन पूजा करेंगे।
उनकी यात्रा का समापन 13 नवंबर को महेसाणा के विसनगर से होगा जहां से जुलाई 2015 में पाटीदार आरक्षण आंदोलन की हिंसक शुरूआत हुई थी। महेसाणा में वह व्यापारियों को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले वह 25 से 27 सितंबर तक सौराष्ट्र के पांच जिलो में यात्रा के पहला चरण, नौ से 11 अक्टूबर तक मध्य गुजरात के छह जिलों में दूसरा चरण, एक से तीन नवंबर तक दक्षिण गुजरात के छह जिलों में तीसरा चरण पूरा कर चुके हैं। राज्य में दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। राहुल गांधी की कल से हो रही यात्रा पहले नौ से 11 नवंबर तक होने वाली थी पर हिमाचल प्रदेश चुनाव के चलते इसे दो दिन के लिए टाल दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



