भाजपा ने भारतीय रिजर्व बैंक से पैसे चोरी करने का सरकार पर आरोप लगाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए मंगलवार के कहा कि चोरी कांग्रेस नेता की ‘‘विशेषज्ञता’’ है और उनकी पार्टी ‘‘भ्रष्टाचार की पर्याय’’ बन चुकी है।
भाजपा प्रवक्ता जी वी एल नरसिंहा राव ने संवाददाताओं से कहा कि राहुल गांधी ‘चोरी’ से अभिभूत हैं। इसमें उनकी विशेषज्ञता है और यह कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के कार्यकाल के दौरान देखने को मिला। उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिये कांग्रेस के अनेक नेता भ्रष्टाचार और घोटालों में लिप्त रहे हैं । कांग्रेस भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है ।’’ भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार अपनी ईमानदारी और जन हित में कार्य करने के लिये जानी जाती है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार ने संकट से उबारने के लिये बैंकों में 70 हजार करोड़ रूपये डालने का निर्णय किया है। आरबीआई से कोष का हस्तांतरण केवल राष्ट्रीय उद्देश्यों के लिये है । राव ने कहा कि स्पष्ट है कि राहुल गांधी की टिप्पणी अपरिपक्व है और उनकी अर्थव्यवस्था की कम समझ को दर्शाती है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार को लाभांश और अधिशेष कोष के मद से 1.76 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित करने के भारतीय रिजर्व बैंक के निर्णय की पृष्ठभूमि में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर ‘आर्थिक त्रासदी’ को लेकर बेखबर रहने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि आरबीआई से ‘चोरी करने’ से अब कुछ नहीं होने वाला है।


Download Android App
Download iOS App



