राहुल का तंज- देश में संकट के समय शुतुरमुर्ग बन जाती है मोदी सरकार

Summary :

राहुल ने कहा कि यह सरकार समस्या का समाधान ढूंढने का प्रयास करने की बजाय गलत दौड़ में शामिल हो जाती है और गलत तरीके से अपनी उपलब्धियां गिनाने लगती है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार देश को संकट में तो पहुंचा देती है लेकिन समस्या के समाधान की उसके पास कोई योजना नहीं होती है।

राहुल ने कहा कि यह सरकार समस्या का समाधान ढूंढने का प्रयास करने की बजाय गलत दौड़ में शामिल हो जाती है और गलत तरीके से अपनी उपलब्धियां गिनाने लगती है। कोरोना महामारी और वस्तु तथा सेवा कर-जीएसटी में भी वह यही कर रही है।

कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा कि “मोदी सरकार देश को संकट में पहुंचाकर समाधान ढूंढने की बजाए शुतुरमुर्ग बन जाती है। हर गलत दौड़ में देश आगे है- कोरोना संक्रमण के आंकड़े हो या जीडीपी में गिरावट।’’ इसके साथ ही उन्होंने एक खबर भी पोस्ट की जिसमें लिखा है, ‘‘ कोरोना के बिगड़ते हालात, कफन के लिए लग रही है कतार, बेचने वाले बोले, जीवन में ऐसा पहली बार देखा।’’

Desk Team