राहुल का तंज- क्या चीन से अपनी जमीन वापस लेगी सरकार, या यह भी होगा ‘एक्ट ऑफ गॉड’

Summary :

कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा कि “चीनियों ने हमारी जमीन ले ली है। क्या भारत सरकार अपनी जमीन को वापस लेने की योजना बना रही है?”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को चीन सीमा विवाद को लेकर मोदी सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता इससे पहले भी चीन मुद्दे पर लगातार केंद्र पर हमलावर रहे हैं। राहुल ने कहा कि आखिर कब भारत सरकार चीन से अपनी जमीन वापस ले रही है या यह मामला भी एक ‘एक्ट ऑफ गॉड’ बनने वाला है?

कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा कि “चीनियों ने हमारी जमीन ले ली है। क्या भारत सरकार अपनी जमीन को वापस लेने की योजना बना रही है? या यह भी एक ‘भगवान का अधिनियम’ (एक्ट ऑफ गॉड) होने जा रहा है?” इससे पहले राहुल ने कहा था कि “देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छोड़कर भारत के हर नागरिक को भारतीय सेना की क्षमता और वीरता पर भरोसा है।”

बता दें कि भारत और चीन सीमा पर जल्द से जल्द तनाव घटाने तथा विश्वास बहाली के उपायों पर तेजी से काम करने पर सहमत हो गये हैं।  विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने गुरुवार को रूस के मॉस्को में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक से इतर मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच संवाद कायम रखने और सीमा पर जल्द से जल्द तनाव घटाने पर सहमति जतायी। 
लगभग ढाई घंटे तक चली इस बैठक के बाद जारी एक संयुक्त बयान में दोनों पक्ष इस बात पर राजी हुए कि मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए और दोनों देशों को विकसित हो रहे भारत-चीन संबंधों पर नेताओं की आम सहमति से मार्गदर्शन लेना चाहिए।

पीएम मोदी बोले- नई शिक्षा नीति ‘नए भारत और नई आवश्यकताओं’ की पूर्ति का माध्यम

Desk Team