वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप भारत में लगातार बढ़ रहा है। देश में हर दिन रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े सामने आ रहे हैं। भारत संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में तीसरे स्थान पर मौजूद है। कोरोना को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार मोदी सरकार पर निशाना साधा है।
इस हफ़्ते हमारे देश में आँकड़ा 10,00,000 पार कर जाएगा।https://t.co/SFeRhgwcFb
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 14, 2020
उन्होंने कहा कि इस हफ्ते देश में संक्रमितों की संख्या 10 लाख को पार कर जाएगी। राहुल ने ट्वीट कर कहा, ‘इस हफ्ते हमारे देश में आंकड़ा 10,00,000 पार कर जाएगा।’ इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक खबर को भी ट्वीट किया है, जिसमें विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि अगर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कोरोना वायरस की महामारी बद से बदतर होती जाएगी।
वहीं इससे पहले राहुल ने कहा था कि भविष्य में जब फेलियर पर कोई स्टडी होगी, तो कोविड-19, नोटबंदी और जीएसटी को उदहारण तौर पर बताया जाएगा। वहीं सोमवार को उन्होंने भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने की तुलना दुनिया के कई देशों में कोविड के संक्रमण में बढ़ोतरी से करने वाला एक ग्राफ साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत अच्छी स्थिति में है?’’
बता दें कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण की भयावह होती स्थिति के बीच पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 28,701 मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या सोमवार को 8,78,254 हो गई। वहीं इस खतरनाक वायरस की वजह से 500 और लोगों की मौत के बाद देश में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 23,174 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 5,53,470 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, 3,01,609 लोगों का इलाज चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



