चेन्नई : आयकर (आईट) विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) की नेता वी.के.शशिकला, उनके कारोबारी सहयोगियों और उनसे संबंधित संगठनों के परिसरों पर छापेमारी जारी रखी।
वरिष्ठ आयकर अधिकारी ने कहा जिन परिसरों में छापेमारी की गई है, वहां से बड़ी मात्रा में नकदी और दस्तावेज बरामद किए गए हैं। उन्होंने आईएएनएस को पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया, ”छापेमारी की पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस नकदी और दस्तावेजों की मात्रा और संख्या के बारे में खुलासा किया जाएगा।”
उन्होंने कहा, ”कुछ स्थानों पर तलाशी अभियान पूरा हो गया है जबकि कई स्थानों पर जारी है।” ये छापेमारी नोटबंदी के बाद फर्जी कंपनियों के जरिए काले धन को ठिकाने लगाने के संबंध में की जा रही है और ये फर्जी कंपनियां कथित रूप से शशिकला और दिनाकरन से जुड़ी हुई हैं। आयकर विभाग के अधिकारी के मुताबिक, इस तलाशी अभियान की प्रकृति अलग है और यह सिर्फ परिसरों की तलाशी और बेहिसाबी नकदी को जब्त करने तक ही सीमित नहीं है।
उन्होंने कहा, ”हमारे पास फर्जी कंपनियों की सूचना थी और इस संबंध में तलाशी की जा रही है।” गौरतलब है कि गुरुवार को लगभग 1,800 आईटी अधिकारियों की टीम ने 187 परिसरों एवं आवासों और फार्म हाउस की तलाशी ली। जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उसमें तंजावुर में शशिकला के पति एम.नटराजन का आवास, तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे.जयललिता का कोडानड टी एस्टेट, जैज सिनेमाज, मिडास डिस्टिलियर्स, शारदा पेपर एंड बोर्डस, सेंथि ग्रुप ऑफ कंपनीज, कोयंबटूर में नीलगिरी फर्नीचर, जया टीवी, नामाधु एमजीआर और तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, हैदराबाद और बेंगलुरु में कई अन्य परिसर शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



