गोपेश्वर : बदरीनाथ धाम में रूक—रूक कर हो रही बारिश से ठंड हो गयी है जिससे राहत दिलाने के लिये अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को साथ में गर्म कपडे लाने की सलाह दी जा रही है ।
बदरीनाथ में कल से रूक-रूक कर हो रही बारिश के चलते अच्छी ठंड हो गयी है जिसके मद्देनजर चमोली जिला प्रशासन ने तीर्थयात्रियों को ठंड से राहत दिलाने हेतु बदरीनाथ नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को धाम में तत्काल अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ।
जोशीमठ के उपजिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि मौसम के बदलते मिजाज तथा ठंड को देखते हुए बदरीनाथ में अलाव की व्यवस्था के अलावा धाम की यात्रा पर आने वाले सभी तीर्थयात्रियों से ठंड से बचने के लिए अपने साथ गर्म कपडे लाने की अपील भी प्रशासन की ओर से की जा रही है ।
इस बीच, चमोली की जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि बदरीनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाओं के लिए उपजिलाधिकारी नरेश दुर्गापाल को यात्रा मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है ।
बदरीनाथ धाम के कपाट 10 मई को श्रद्धालुओं के लिये खुले थे और कल 13 मई तक बारिश और ठंड के बावजूद शुरूआती चार दिनों में ही वहां 48, 000 से ज्यादा रिकार्ड तीर्थयात्री भगवान के दर्शन कर चुके हैं ।


Download Android App
Download iOS App



