रायपुर हादसा: राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख, केंद्र सरकार ने की आर्थिक मदद की घोषणा

Summary :

रायपुर सड़क हादसे में 13 की मौत, आर्थिक मदद की घोषणा

रायपुर में हुए सड़क हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया। केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। छत्तीसगढ़ के सीएम ने भी मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने का ऐलान किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता देने की घोषणा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रायपुर, छत्तीसगढ़ में एक सड़क दुर्घटना में बच्चों एवं महिलाओं सहित कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने पीएम मोदी का हवाला देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रायपुर, छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।”

छत्तीसगढ़: रायपुर में भीषण सड़क हादसा, 13 लोगों की मौत, कई घायल

इससे पहले छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने हादसे पर दुख जताते हुए जान गंवाने वालों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। सीएम विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मृत्यु एवं 14 लोगों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। घायलों के समुचित इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है।”

उन्होंने आगे लिखा, “राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के यथाशीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 9 महिलाओं और बच्चों सहित 13 लोगों की मौत हो गई। यह सड़क हादसा रायपुर-बलौदाबाजार राजमार्ग पर एक ट्रेलर और ट्रक के टकराने से हुआ।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.