राजस्थान कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने नामांकन पत्र में दो शादियों का किया खुलासा जयपुर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। जयपुर की किशनपोल विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक और कांग्रेस उम्मीदवार अमीन कागजी ने अपनी पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी बार शादी की है, उनके चुनाव नामांकन पत्र से यह पता चला है। 50 साल के कागजी ने अपने चुनावी हलफनामे में खुलासा किया है कि उन्होंने अपनी पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी की है।
दूसरी पत्नी का नाम मोनिका शर्मा कागजी है
अमीन कागज़ी की पहली पत्नी का नाम रेशमा है। उनकी पहली पत्नी से उनके चार बेटे और बेटियां हैं। इसका जिक्र अमीन कागजी ने 2018 विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे में किया था। 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए उन्होंने अपने नामांकन पत्र में दो पत्नियों की जानकारी दी है। ताजा हलफनामे में नई पत्नी का नाम मोनिका शर्मा कागजी बताया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मोनिका शर्मा अमीन कागजी की निजी सचिव के रूप में काम करती थीं। सूत्रों ने बताया कि अमीन ने कोविड काल के दौरान मोनिका से शादी की, जो पूरी तरह से गुप्त रही। मोनिका से उनकी एक बेटी भी है। 2022 में उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी की।


Download Android App
Download iOS App



