राजेश चौधरी ने सीएम योगी के बयान का किया समर्थन, कहा- ‘कांग्रेस ने हमेशा की लोकतंत्र की हत्या’

Summary :

लखनऊ, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांग्रेस को देश में अराजकता का पर्याय बताए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने मुख्यमंत्री के बयान का समर्थन करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र की हत्या की है और जबरन इस देश के लोकतंत्र पर एक परिवार का कब्जा बनाए रखा है। आईएएनएस से बातचीत में विधायक राजेश चौधरी ने कहा, “कांग्रेस को सत्ता की मलाई चाटने की आदत है। आज जब वे विपक्ष में हैं, जनता ने उन्हें…

लखनऊ, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांग्रेस को देश में अराजकता का पर्याय बताए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने मुख्यमंत्री के बयान का समर्थन करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र की हत्या की है और जबरन इस देश के लोकतंत्र पर एक परिवार का कब्जा बनाए रखा है।

आईएएनएस से बातचीत में विधायक राजेश चौधरी ने कहा, “कांग्रेस को सत्ता की मलाई चाटने की आदत है। आज जब वे विपक्ष में हैं, जनता ने उन्हें लगातार तीन बार लोकसभा चुनाव में हराया है, तो एडजस्ट नहीं कर पा रहे हैं। सरकार में उन्हें कोई कमी नजर नहीं आ रही है और विपक्ष की भूमिका वे निभा नहीं पा रहे हैं, इसलिए वे संवैधानिक संस्थाओं से लड़ रहे हैं। कभी सुप्रीम कोर्ट पर उंगली उठाते हैं, तो कभी निर्वाचन आयोग पर।”

विधायक राजेश चौधरी ने कहा, “मुख्यमंत्री ने एकदम ठीक कहा है। जहां कांग्रेस होगी, वहां भ्रष्टाचार होगा। एनडीए में भ्रष्टाचार नहीं है, जबकि इस देश में भ्रष्टाचार शुरू करने वाली यही कांग्रेस है। कांग्रेस का वो दौर अब नहीं रहा। आज पारदर्शिता के साथ काम होता है। आज डीबीटी के माध्यम से सारी योजनाएं लागू हो रही हैं। आज लाभार्थी के खाते में सीधे पैसा जाता है। एक क्लिक दिल्ली से होता है, लखनऊ से होता है और पैसा सीधे लाभार्थी के अकाउंट में पहुंच जाता है। पहले के दौर में तो वे लोग सारा पैसा अंदर ही कर लेते थे।”

यूपी कांग्रेस में सामने आई अंदरूनी कलह के वीडियो पर भी राजेश चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “ये वो लोग हैं, जो महिलाओं के हितों की बात करते हैं, लेकिन अपने घर की महिलाएं ही इनसे सुरक्षित नहीं हैं। महिला अधिकारों की बात करते हैं और इनके कार्यालय में महिलाएं पीटी जा रही हैं। उनके साथ अभद्रता हो रही है। यह वही कांग्रेस है, जो आपस में ही लड़ती रहती है।”

दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की अगुवाई करते हुए राहुल गांधी के लगातार प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ हल्ला बोल और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने तथा सीजेआई द्वारा उनसे मुलाकात से इनकार किए जाने के सवाल पर विधायक ने कहा कि राहुल गांधी अपनी नाकामियों के कारण बौखला गए हैं।

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को समझ नहीं आ रहा है कि क्या करना चाहिए। अपनी नाकामियों के चलते राहुल गांधी फ्रस्ट्रेशन में चले गए हैं। वे अब समझ ही नहीं पा रहे हैं कि राजनीति कैसे होती है, इतनी समझ उनके अंदर है ही नहीं। जनता ने उन्हें विपक्ष की भूमिका दी है, तो उन्हें वह भूमिका 5 साल तक निभानी चाहिए, फिर चुनाव में परीक्षा देनी चाहिए। 2029 में लोकसभा का चुनाव होगा और 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव है। मैं राहुल गांधी को चुनौती दे रहा हूं कि वे अपने दम पर उत्तर प्रदेश में आकर लड़ें, उन्हें अपनी हैसियत मालूम पड़ जाएगी।”

–आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.