गुजरात के राजकोट शहर में एक आभूषण की फैक्ट्री में लूट के दौरान हत्या करने का मामला सामने आया है। बुधवार शाम चार आरोपियों ने फैक्ट्री के गेट पर कर्मचारी को रोका, वह उस समय करीब 1 किलो सोना और 3 किलो चांदी लेकर कार से बाहर निकल रहा था। इस दौरान सोना-चांदी लूटने के लिए लुटेरों ने 51 वर्षीय कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी और लगभग 1.53 करोड़ रुपये का सोना-चांदी लेकर फरार हो गए है। घटना के बाद पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से इस वारदात में शामिल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
946 ग्राम सोने की ईंटें और दो किलो रिफाइंड चांदी चोरी
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार शाम करीब 7:55 बजे की बताई जा रही है। राजकोट के अजी औद्योगिक क्षेत्र में तनवी एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड की फैक्ट्री के मृतक कर्मचारी की पहचान लालजीभाई सरधारा के रूप में हुई है। वह रिफाइनरी से सोना-चांदी लेकर लौट रहे थे। उसके पास एक बैग था, जिसमें 946 ग्राम सोने की ईंटें और दो किलो रिफाइंड चांदी का पाउडर था।
इस दौरान चार आरोपी कार से वहां पहुंचे, उन्होंने लालजीभाई से बैग छीनने की कोशिश की। लालजीभाई और सुरक्षा गार्ड बावनजी बाबुजी पधियार ने लुटेरों का विरोध किया, तो सफेद शर्ट पहने एक आरोपी ने गोली मारकर लालजीभाई की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से मामले में शामिल सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाके के हैं आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में सभी नौ आरोपियों को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। बतायाा जा रहा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस ने लूटा गया पूरा सोना-चांदी भी बरामद कर लिया है।
इस मामले शिकायतकर्ता के अनुसार, कंपनी अपनी रिफाइनरी से करीब 40 मीटर दूर स्थित ‘युग बिल्डिंग’ की ज्वेलरी निर्माण इकाई तक रिफाइंड सोना और चांदी सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में पहुंचाती थी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और गुजरात पुलिस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
Also Read: छात्रों के लिए बड़ी खबर! कलकत्ता यूनिवर्सिटी में हाजिरी के भी मिलेंगे 5 अंक


Download Android App
Download iOS App




