‘किसान दिवस’ पर बोले राजनाथ सिंह-आशा है जल्द आंदोलन वापस लेंगे अन्नदाता

Summary :

राजनाथ सिंह ने किसान दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को बुधवार को उनकी जयंती के अवसर पर स्मरण करते हुए किसानों से जल्द ही आंदोलन वापस लेने की उम्मीद जताई है।

नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का आंदोलन जारी है। पंजाब हरियाणा समेत कई राज्यों के किसान 28 दिनों से दिल्ली की सीमाओं पर डटे हुए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किसान दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को बुधवार को उनकी जयंती के अवसर पर स्मरण करते हुए किसानों से जल्द ही आंदोलन वापस लेने की उम्मीद जताई है। 
रक्षा मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश के सबसे सम्मानित किसान नेताओं में अग्रणी, चौधरी चरण सिंह जी को उनकी जयंती के अवसर पर मैं स्मरण एवं नमन करता हूँ। चौधरी साहब आजीवन किसानों की समस्याओं को आवात्र देते रहे और उनके कल्याण के लिए काम करते रहे। देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।’’ 
उन्होंने लिखा, ‘‘चौधरी चरण सिंह चाहते थे कि देश के किसानों की आमदनी बढ़े, उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य मिले और किसानों का मान सम्मान सुरक्षित रहे। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी उनकी प्रेरणा से ही किसानों के हित में अनेक कदम उठा रहे हैं। किसानों का वे किसी सूरत में अहित नहीं होने देंगे।’’ 


राजनाथ सिंह ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘‘आज किसान दिवस के अवसर मैं देश के सभी अन्नदाताओं का अभिनंदन करता हूँ। उन्होंने देश को खाद्य सुरक्षा का कवच प्रदान किया है। कृषि क़नूनों को लेकर कुछ किसान आंदोलनरत हैं। सरकार उनसे पूरी संवेदनशीलता के साथ बात कर रही है। मैं आशा करता हूँ कि वे जल्द ही अपने आंदोलन को वापिस लेंगे।’’ 


देश के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसंबर 1902 को पश्चिमी यूपी के हापुड़ में हुआ था। वह 28 जुलाई 1979 से 14 जनवरी 1980 तक प्रधानमंत्री पद पर रहे। आज उनकी 118 वीं जयंती है। चौधरी चरण सिंह देश के किसान नेता थे जिन्होंने देश की संसद में किसानों के लिए आवाज बुलंद की थी। 

Desk Team