‘द यूरोपियन हाउस अंब्रोसेती’ (टीईएचए) समूह के वरिष्ठ भागीदार लोरेंजो तवाजी ने हाल ही में जानकारी दी कि इटली की कंपनियों ने भारत में 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश किया है। इस निवेश का केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने स्वागत किया है।
आज जो 93 साल पुराना जहाज भारत आया है वह पहले कभी नहीं आया था – सोनोवाल
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आप सभी को यह मालूम है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के बीच जो भी बातचीत और निर्णय हुए थे, हमने उन पर काम किया है। आज जो 93 साल पुराना जहाज भारत आया है, वह पहले कभी नहीं आया था। यह दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग का परिणाम है। इस सफलता के आधार पर हम दोनों देशों के बीच हुए प्रधानमंत्री स्तर के सभी चर्चाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इटली और भारत दोनों देश मिलकर उठाएंगे जरूरी कदम
उन्होंने कहा कि शनिवार को हुई बातचीत में दोनों देशों ने स्पष्ट किया कि हम इस कार्यक्रम को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाएंगे और विशेष रूप से आईमैक कॉरिडोर के संदर्भ में, इटली सरकार ने जो इच्छाएं व्यक्त की हैं, हम मिलकर उन पर कार्य करेंगे। इटली और भारत दोनों देश मिलकर जरूरी कदम उठाएंगे, विशेष रूप से हमारे राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुसार। इस जहाज की तकनीक गुणवत्ता और संचालन के लिए जो भी आवश्यक मानव संसाधन थे, इटली ने इसे प्रस्तुत किया और आज दुनिया के सामने यह सफल यात्रा प्रस्तुत की।
मैं इटली के सभी मेहमानों का भारत सरकार की ओर से स्वागत करता हूं – सर्बानंद सोनोवाल
उन्होंने आगे कहा कि मैं इटली के सभी मेहमानों का भारत सरकार की ओर से स्वागत करता हूं और उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। अगले चरण में भी उनकी योजनाएं सफल रहें और हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती बनी रहे। हमारे मंत्रालय की तरफ से, विशेष रूप से शिपिंग मंत्रालय के तहत, जो भी समझौते और निर्णय लिए जाएंगे, उन्हें हम आगे बढ़ाएंगे। पीएम नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के बीच जो बातचीत हुई है और जो कार्यक्रम तय किए गए हैं, उन्हें हम पूरी सफलता के साथ लागू करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



