रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के नेता टी.एस. सिंहदेव ने मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह को पत्र लिखकर कर पिछले सप्ताह राज्य में आए आंधी तूफान एवं ओलावृष्टि से किसानों एवं अन्य लोगो को उनके हुए नुकसान के मद्देनजर तत्काल मुआवजा राशि दिलाने की मांग की है।
सिंहदेव ने मुख्यमंत्री को कल लिखे पत्र में कहा कि गत दिनों प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा (ओलावृष्टि, आंधी-तूफान, बारिश)के कारण रबी की फसलों सहित साग-सब्जियों एवं फलों इत्यादि को भारी नुकसान हुआ है। गत वर्ष सूखे की मार से किसान पहले ही बेहाल थे, ऊपर से आकस्मिक रूप से आई प्राकृतिक आपदा ने उनके सामने नई मुसीबत खड़ कर दी है।
बस्तर संभाग, सरगुजा संभाग, दुर्ग संभाग,बिलासपुर संभाग एवं रायपुर संभाग सभी इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुये हैं। उन्होंने पत्र में कहा हैं कि किसानों द्वारा सोसायटियों से ऋण इत्यादि लेकर, खेती-किसानी का कार्य किया जाता है।
ओलावृष्टि एवं असमय बारिश के कारण उनकी फसलें खराब होने से उन्हें ऋण अदायगी की चिंता सता रही है। विगत वर्षों में प्रदेश के तमाम किसानों द्वारा कर्ज में डूबे होने के कारण आत्महत्या जैसे जघन्य कदम उठाए गए है। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कराए जाने एवं प्रभावितों को तत्काल आर्थिक सहायता/मुआवजा प्रदान करने के निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



