रेवाड़ी, 6 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को कोसली तहसील में तैनात एक पटवारी को 4 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी राजस्व रिकॉर्ड में सुधार करने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था।
मामले को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता से आरोपी पटवारी पहले ही 5,000 रुपए रिश्वत ले चुका था। इसके बावजूद उसने काम पूरा करने के लिए 4,000 रुपए अतिरिक्त रिश्वत की मांग की। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो से शिकायत की।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से 4,000 रुपए रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी इसी प्रकार अवैध रूप से रिश्वत तो नहीं वसूली। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हरियाणा विजिलेंस टीम की ओर से की गई इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है। इसी के साथ टीम ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत विजिलेंस विभाग को करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
बता दें कि रिश्वत लेने के आरोप में एक सरकारी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई का एक दूसरा मामला बुधवार को बिहार से सामने आया, जहां बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पश्चिम चंपारण जिले में 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए एक पंचायत सचिव को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पंचायत सचिव पर विकास कार्य के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
ब्यूरो की टीम ने पूर्व सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, निगरानी थाना कांड संख्या-092/26, दिनांक 31 जुलाई के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पंचायत डुमरिया, प्रखंड-नरकटियागंज, जिला-पश्चिम चंपारण के पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



