Rider Pays 100 Traffic Challans : आईटी सिटी बेंगलुरु में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक बेहद अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दोपहिया वाहन चालक के नाम पर एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 100 चालान पेंडिंग थे। लंबे समय से नियमों की धज्जियां उड़ा रहे इस बाइक सवार को जब अपनी गलती का अहसास हुआ तो उसने थाने पहुंचकर पूरा हिसाब चुकता किया।
Karnataka traffic fine discount : 50 फीसदी की छूट

चालक ने कर्नाटक सरकार की ओर से ट्रैफिक जुर्मानों पर दी जा रही 50 फीसदी की विशेष छूट का फायदा उठाया। वह राजाजीनगर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन पहुंचा और कुल 27,500 रुपये का जुर्माना भरकर अपने सारे पेंडिंग चालान क्लियर कराए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस दुपहिया वाहन पर शहर के अलग-अलग हिस्सों में यातायात नियमों के उल्लंघन के करीब 100 मामले दर्ज हो चुके थे। पूरा जुर्माना जमा करने के बाद आरोपी चालक ने पुलिस के सामने कान पकड़े और भविष्य में मुस्तैदी से ट्रैफिक नियमों का पालन करने का भरोसा दिया। यह पूरा वाकया सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
Bengaluru traffic challan : ड्रंकन ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ बड़ा एक्शन

इस इक्का-दुक्का मामले से इतर, बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस इन दिनों सड़कों पर मनमानी करने वालों के खिलाफ बड़े स्तर पर मुस्तैद दिखाई दे रही है। शहर भर में शराब पीकर गाड़ी चलाने (ड्रंकन ड्राइविंग) और रफ्तार सीमा लांघने वालों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 15 जून से शुरू हुआ यह कड़ा अभियान 26 जून तक शहर के सभी 53 ट्रैफिक पुलिस स्टेशनों के इलाकों में जारी रहेगा।
Traffic Challan Viral News : 43 हजार से ज्यादा वाहनों की चेकिंग
पुलिस से मिले ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस विशेष चेकिंग ड्राइव के तहत अब तक कुल 43,057 वाहनों को रोककर उनकी जांच की जा चुकी है। इस सघन चेकिंग के दौरान 669 लोग ऐसे मिले, जो शराब के नशे में स्टेयरिंग या हैंडल संभाले हुए थे। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की है।
इसके साथ ही, सड़कों पर तय सीमा से तेज रफ्तार (ओवरस्पीडिंग) में गाड़ियां दौड़ाने के भी 46 मामले पकड़े गए हैं। इन रफ़्तार के शौकीनों से मौके पर ही कुल 46 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
ट्रैफिक विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य मकसद सड़क हादसों में कमी लाना और लोगों के भीतर ट्रैफिक सेंस पैदा करना है। पुलिस ने साफ किया है कि यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी और उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर गाड़ी कतई न चलाएं और गति सीमा का सख्ती से पालन करें।


Download Android App
Download iOS App




