पीएम केयर्स फंड से वेंटिलेटर खरीद और प्रवासी मजदूरों के लिए 3100 करोड़ रुपये दिए गए : PMO

Summary :

पीएम केयर्स फंड ट्रस्ट ने बुधवार को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के लिए 3,100 करोड़ रूपये आवंटित करने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में यह जानकारी दी।

पीएम केयर्स फंड ट्रस्ट ने बुधवार को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के लिए 3,100 करोड़ रूपये आवंटित करने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार पीएम केयर्स फंड से आवंटित किये गये 3,100 करोड़ रूपये में से करीब 2000 करोड़ रूपये वेंटिलेटर की खरीद और 1000 करोड़ रूपये प्रवासी मजदूरों के लिए निर्धारित किये गये हैं। 

बयान के मुताबिक अन्य (बाकी) 100 करोड़ रूपये कोरोना वायरस के टीके के विकास में मदद के लिए दिये जाएंगे। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाले इस ट्रस्ट का 27 मार्च को गठन किया गया था। इसके पदेन सदस्यों में रक्षामंत्री, गृह मंत्री और वित्त मंत्री शामिल हैं। 
वहीं, देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) की महामारी लगातार बढ़ती जा रही है और अब तक भारत में संक्रमितों की संख्या 74 हजार के पार हो गयी है। पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 3525 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 74,281 हो गयी तथा इस दौरान 122 लोगों की मौत होने से मरने वालों का आंकड़ा 2415 पर पहुंच गया। संक्रमितों की संख्या 74 हजार के पार होने के साथ ही भारत 50 हजार से अधिक संक्रमण के आंकड़ों वाले देशों की सूची में 12वें स्थान पर पहुंच गया है।
 केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश के विभिन्न राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में अब तक 74,281 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2415 लोगों की मौत हुई है। वहीं अब तक 24386 लोग इसके संक्रमण से पूरी तरह ठीक हुए हैं और उन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। देश में कोरोना से सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित हुआ है और इसके कारण राज्य की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। महाराष्ट्र में 24427 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं तथा 921 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं राज्य में 5125 लोग इसके संक्रमण से ठीक भी हुए हैं।

Ujjwal Jain