उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने गुरुवार को कहा कि ग्रामीण लोगों की पहुंच सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं तक लाने की आवश्यकता है।
श्री नायडू ने राजमुंदरी शहर के वेंकटेश्वर नगर क्षेत्र में डेल्टा अस्पतालों का उद्घाटन करने के बाद एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘डॉक्टरों को रोगियों का इलाज सेवा भावना के साथ करना चाहिए।’’
उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को सुपर स्पेशलिटी हेल्थ केयर आम आदमी की पहुंच के भीतर लाने के लिए निजी अस्पतालों को भी सरकारी अस्पतालों के साथ संरक्षण और आवश्यक प्रोत्साहन देना चाहिए।
उन्होंने डॉक्टरों को सलाह दी कि वे चिकित्सीय परीक्षण करें जो निदान इलाज के लिए आवश्यक माने जाते हैं जिससे मरीजों को फिजूल खर्च से बचाया जा सके। इस संदर्भ में, उपराष्ट्रपति ने लोगों से आह्वान किया है कि वे ‘फिट इंडिया’ के नारे की सच्ची भावना से खुद को स्वस्थ रखने के लिए अपनी जीवन शैली और खान-पान में बदलाव करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि गतिहीन जीवन, जंक फूड खाना बीमारियों का मूल कारण है और लोगों को खुद को शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए नियमित व्यायाम तथा योग करने की सलाह दी।
श्री नायडू ने आगे कहा कि डॉक्टरों द्वारा मरीजों के साथ बेहतर बातचीत करने के लिए उनकी मातृभाषा में दक्षता बहुत महत्वपूर्ण है।


Download Android App
Download iOS App



