समीरा रेड्डी की ज़िंदगी का स्पेशल गेस्ट बना ‘एलपीजी सिलेंडर’, खुशी से झूमीं अभिनेत्री

Summary :

मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर भारत में देखने को मिल रहा है, जहां घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ लोग 28 दिन में एक सिलेंडर की बुकिंग ही कर पा रहे हैं। ऐसे में कई जगहों पर लोगों को घरेलू सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है लेकिन इसी बीच ‘मैंने दिल तुझको दिया’ की अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसमें सिलेंडर को वीआईपी गेस्ट की तरह ट्रीट किया जा रहा है। देश में एलपीजी सिलेंडर को लेकर बनी स्थिति के…

मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर भारत में देखने को मिल रहा है, जहां घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ लोग 28 दिन में एक सिलेंडर की बुकिंग ही कर पा रहे हैं।

ऐसे में कई जगहों पर लोगों को घरेलू सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है लेकिन इसी बीच ‘मैंने दिल तुझको दिया’ की अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसमें सिलेंडर को वीआईपी गेस्ट की तरह ट्रीट किया जा रहा है।

देश में एलपीजी सिलेंडर को लेकर बनी स्थिति के बीच समीरा रेड्डी ने ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसे देखने के बाद हंसी आना तय है लेकिन यह देश के हालात पर तंज भी है। अभिनेत्री द्वारा शेयर किए गए वीडियो में एलपीजी सिलेंडर का स्वागत रेड कार्पेट पर किया जा रहा है और उसे ताज भी पहना रखा है।

अभिनेत्री सिलेंडर की आवभगत में चाय भी पेश करती हैं और गुलाब से उसका स्वागत करती है। वीडियो देखकर साफ है कि अभिनेत्री भी काफी समय से घर में घरेलू सिलेंडर का इंतजार कर रही थी लेकिन अब जाकर उनके घर एलपीजी का आगमन हुआ है।

अभिनेत्री के फनी वीडियो को फैंस भी पसंद कर रहे हैं और उनका कहना है कि कैसे-कैसे दिन देखने को मिल रहे हैं। इतना ही नहीं, यूजर्स ने एलपीजी का नया फुल फॉर्म भी ईजाद कर लिया है, जो है ‘वेरी इम्पोर्टेंड पेट्रोलियम’। वीडियो भले ही मजाक के अंदाज में बनाया गया है लेकिन यह पूरे देश में चल रहे हालात को दिखाता है।

केंद्र सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी गैस की किल्लत नहीं है लेकिन कमर्शियल सिलेंडर के बैन के बाद से कई राज्यों में पैनिक की स्थिति है। गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कई राज्यों में लोगों को गैस एजेंसी के बाहर लंबी लाइनों में लगते हुए देखा जा रहा है। गैस की बुकिंग की अवधि को भी बढ़ा दिया गया है। अब 28 दिनों की अवधि में एक ही घरेलू सिलेंडर की बुकिंग की जा सकती है।

–आईएएनएस

पीएस/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.