छात्र वार्ता के बाद चार मंत्रियों संग सीएम ने की बैठक, 9 अगस्त को प्रस्तावित समझौते के लिए ब्लूप्रिंट पेश होने की संभावना

Summary :

रांची, 8 अगस्त (आईएएनएस)। जेपीएससी और जेएसएसी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में चार सदस्यीय मंत्री समूह के साथ लंबी बैठक की। यह बैठक सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद हुई है। माना जा रहा है कि आंदोलित छात्रों की मांगों पर सरकार की ओर से प्रस्तावित समझौते के प्रारूप पर विचार किया गया। रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर कार्रवाई का एक ब्लूप्रिंट पेश किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध…

रांची, 8 अगस्त (आईएएनएस)। जेपीएससी और जेएसएसी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में चार सदस्यीय मंत्री समूह के साथ लंबी बैठक की। यह बैठक सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद हुई है। माना जा रहा है कि आंदोलित छात्रों की मांगों पर सरकार की ओर से प्रस्तावित समझौते के प्रारूप पर विचार किया गया।

रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर कार्रवाई का एक ब्लूप्रिंट पेश किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

इस मुद्दे पर गठित मंत्री समूह के नेतृत्वकर्ता सुदिव्य कुमार ने कहा है कि सरकार छात्रों की मांगों पर बेहद गंभीर है और सभी मांगों का तार्किक समाधान निकालने को तत्पर है। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच शनिवार दिन में दूसरे दौर की बातचीत हुई थी। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में छात्रों ने अपनी मांगों और उनसे जुड़े तथ्यों को सरकार के सामने रखा। छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार सहित कई मुद्दे उठाए।

वार्ता के बाद छात्रों ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत सकारात्मक रही, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों पर अभी ठोस फैसला नहीं हुआ है। छात्रों ने साफ किया कि केवल आश्वासन से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। 10 अगस्त तक प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने पर उन्होंने पूर्व घोषित विधानसभा घेराव कार्यक्रम को जारी रखने की बात कही है।

इससे पहले, शुक्रवार को भी सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई थी। उस बैठक में सरकार की ओर से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव और सुदिव्य कुमार सोनू शामिल हुए थे। सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव लेने की बात कही थी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी छात्रों के साथ संवाद को लेकर कहा था कि सरकार उनकी समस्याओं को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने कहा था कि छात्रों के सवाल, सुझाव और जिज्ञासाएं खुलकर सामने आनी चाहिए। सरकार युवाओं के सुझावों के आधार पर भर्ती और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है।

इधर, मुख्यमंत्री आवास में हो रही बैठक में सरकार अब तक हुई बातचीत के निष्कर्षों पर विचार कर रही है। साथ ही छात्रों की मांगों पर आगे की रणनीति और संभावित फैसलों पर भी चर्चा होने की संभावना है। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्र 29 जुलाई से रांची में आंदोलन कर रहे हैं।

आंदोलनकारी 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान कई छात्र अनशन पर भी बैठे हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद कुछ छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सरकार और छात्रों के बीच लगातार दूसरे दिन हुई बातचीत के बाद अब मुख्यमंत्री और मंत्रियों की बैठक को आंदोलन के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अंतिम निर्णय पर दोनों पक्षों की नजर बनी हुई है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.