मऊ में ए.के. शर्मा की बड़ी पहल! 5 मेगावाट सोलर पार्क का किया शिलान्यास, बोले- मेरा भविष्य महादेव या मोदी जी तय करेंगे

Summary :

Uttar Pradesh News: मऊ में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि के अवसर पर 5 मेगावाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा पार्क का शिलान्यास किया।

Uttar Pradesh News: मऊ में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि के अवसर पर 5 मेगावाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा पार्क का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय कल्पनाथ राय की प्रतिमा का अनावरण भी किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने घोषणा की कि मऊ में बनने वाले इस सौर ऊर्जा पार्क का नाम स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मऊ के विकास और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक अहम पहल साबित होगी। इस सोलर पावर प्लांट को दिल्ली की मैसर्स नेक्सजन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार करेगी। प्लांट की क्षमता 5 मेगावाट होगी। परियोजना पूरी होने के बाद मऊ में बिजली की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

करीब 5 हजार घरों को मिलेगा फायदा

Uttar Pradesh News (credit social media )
Uttar Pradesh News (credit social media )

सरकार के मुताबिक, सौर ऊर्जा पार्क से करीब 5 हजार घरों को बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली की जरूरतों को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी। परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि सौर ऊर्जा के विस्तार से आने वाले समय में मऊ को सस्ती और स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे जिले में विकास की रफ्तार भी तेज होगी।

कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों को संबोधित करते हुए ए.के. शर्मा ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय को याद किया। उन्होंने कहा कि कल्पनाथ राय ने मऊ के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए थे। उनके पास जिले के विकास को लेकर एक स्पष्ट सोच और योजना थी। मंत्री ने कहा कि जिस विकसित मऊ की कल्पना कल्पनाथ राय ने की थी, उसे आगे बढ़ाने की दिशा में वर्तमान सरकार लगातार काम कर रही है। सड़क, बिजली, परिवहन, रेलवे और सौर ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

पीएम मोदी और सीएम योगी की तारीफ

Uttar Pradesh News (credit social media )
Uttar Pradesh News (credit social media )

ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और मऊ के विकास तथा बेहतर भविष्य के लिए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें। अपने संबोधन के दौरान ए.के. शर्मा ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय के बेटे सिद्धार्थ राय को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि यदि सिद्धार्थ राय किसी स्थान से चुनाव लड़ते हैं तो वह उनके कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे।

उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य पर कहा कि वह यहां किसी का रास्ता रोकने नहीं आए हैं। उनके राजनीतिक भविष्य का फैसला या तो महादेव करेंगे या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। उन्होंने कहा कि वह अपनी पूरी क्षमता के साथ आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम करते रहेंगे।

सिद्धार्थ राय ने की PM मोदी की सराहना

Uttar Pradesh News (credit social media )
Uttar Pradesh News (credit social media )

कार्यक्रम में सिद्धार्थ राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास देश को आगे ले जाने का स्पष्ट विजन है। उन्होंने खुद को मोदीभक्त बताते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व विधायक विजय राजभर, एमएलसी बिच्छे लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री नारद राय, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व विधायक संजय यादव, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, ऋषिकांत राय समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।

यह भी पढ़ें: UP के छात्रों से हर महीने संवाद करेंगे युवा IAS, IPS और IFS अधिकारी, करियर को लेकर देंगे मार्गदर्शन

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।