नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच लोकसभा में पीएम मोदी के संबोधन पर विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा कि वर्तमान की स्थिति काफी गंभीर है और इस युद्ध से विनाश होगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार को मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को रुकवाने के लिए भरपूर कोशिश करनी चाहिए।
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि इस युद्ध से हमारे और कई अन्य देशों की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। प्रधानमंत्री को इजरायली प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अपनी दोस्ती का, और साथ ही ईरान के साथ हमारे पुराने संबंधों का लाभ उठाते हुए इस युद्ध को रोकने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि इसने पूरी दुनिया को तबाही के कगार पर ला खड़ा किया है। यह युद्ध सारी दुनिया को विनाश के कगार पर ले आया है।
उन्होंने कहा कि जैसा कि पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान की स्थिति काफी गंभीर है और यह युद्ध जारी रह सकता है, इसीलिए हम कह रहे हैं कि कठिन चीजों के लिए भी प्रयास होने चाहिए।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच सरकार ने एलपीजी के दाम बढ़ा दिए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जब हम कमजोर थे, तो ईरान हमारे साथ था, मिडिल ईस्ट के देश साथ थे, और आज राष्ट्रहित में नहीं, पार्टी हित में कार्य किया जा रहा है। ईरान का सर्वोच्च नेता मारा गया, लेकिन भारत की ओर से शोक संवेदना प्रकट नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि ईरान में कत्लेआम हो रहा है, सरकार कुछ नहीं कह रही है। भारत के हितों को देखते हुए होर्मुज को खोला जाना चाहिए।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पीएम ने देश को मौजूदा स्थिति से अवगत कराया है। हालांकि, उन्होंने कुछ नई बात नहीं कही है, हमने कुछ मुद्दों पर नोटिस दिया है, उस पर चर्चा होनी चाहिए।
सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि पीएम ने यह नहीं बताया कि हमारे कितने लोग वहां फंसे हुए हैं और कितने लोगों को वहां से निकाला गया है।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि अच्छी बात है कि पीएम मोदी ने संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि हमें सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी में नहीं उलझना चाहिए। आज के समय में मुख्य मुद्दा क्या है। हम जानते हैं कि आप लोगों को वापस ला रहे हैं। लेकिन, एलपीजी सिलेंडर की कमी है, जिसकी वजह से लोग परेशान हैं। उन्होंने इसका थोड़ा जिक्र किया, लेकिन सिलेंडर मिल नहीं रहे हैं और महंगी भी हो गई है। यही बुनियादी मुद्दा है।
–आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



