नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े बैंक SBI ने बैंकों के कंसोर्शियम के जरिए भगोड़े कारोबारी विजय माल्या से करीब 963 करोड़ रुपए वसूल लिए हैं। एसबीआई के MD अरिजीत बसु ने कहा कि विजय माल्या की भारतीय प्रॉपर्टी के जरिए बैंकों ने 963 करोड़ रुपए की रिकवरी कर ली है। उनके मुताबिक बैंक विजय माल्या से अपनी अधिकतर रकम वसूलेगा।
यूके की कोर्ट के ऑर्डर पर उन्होंने कहा कि विजय माल्या के एसेट फ्रीज करने का ये ऐतिहासिक फैसला है। उनके मुताबिक बैंक लंदन में वकीलों और सरकार से रकम की रिकवरी के लिए काम कर रहा है। उनके मुताबिक विजय माल्या की अधिकतर संपत्ति देश में न होकर विदेशों में है। विजय माल्या पर देश के 17 बैंकों का 9 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बकाया है। बसु के मुताबिक लंदन के कोर्ट के आदेश से हम बहुत खुश हैं।
यूके की कोर्ट ने 13 बैंकों के कंसोर्शियम के पक्ष में फैसला देते हुए कहा कि वो विजय माल्या की प्रॉपर्टी को जब्त कर सकते हैं। भारत से भागने के बाद विजय माल्या अपनी दोस्त पिंकी लालवानी के साथ ब्रिटेन के टेविन में रह रहा है।विजय माल्या हाईकोर्ट में भी केस हार चुका है। बंगलूरु के डेट टिब्यूनल के मुताबिक विजय माल्या पर बैंकों का 6203 करोड़ रुपए बकाया है। ब्याज मिलाकर ये सब 9,863 करोड़ रुपए हो गया है।
इस खबर के बाद SBI के शेयर में तेजी देखने को मिली। बैंक का शेयर करीब 0.9 फीसदी चढ़कर 258 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



