4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों के उपचुनाव का शेड्यूल जारी, जानें कब होंगे इलेक्शन?

Summary :

गुजरात, केरल, पंजाब, बंगाल में उपचुनाव की तारीखें घोषित

भारत निर्वाचन आयोग ने गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। 19 जून 2025 को उपचुनाव होंगे और 23 जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इन उपचुनावों का कारण विधायकों का निधन और पार्टी बदलना है।

By-Election News: भारत निर्वाचन आयोग ने गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. ये सभी उपचुनाव 19 जून 2025 को कराए जाएंगे और नतीजे 23 जून को घोषित किए जाएंगे.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जिन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होना है उसमें गुजरात की कादी और विसावदर, केरल की नीलांबुर, पंजाब की लुधियाना पश्चिम और पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट शामिल है. इन सीटों पर उपचुनाव कराने के पीछे की वजह विधायकों का निधन और उनके पार्टी छोड़ दूसरी पार्टी में शामिल होना है.

क्या हो रहे उपचुनाव?

गुजरात की कादी सीट

यह सीट विधायक करसनभाई पंजाभाई सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई थी. वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और फरवरी में उनका निधन हो गया था.

केरल की नीलांबुर सीट

यहां के विधायक पीवी अनवर ने तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने तब कहा था कि वे उपचुनाव नहीं लड़ेंगे और कांग्रेस के उम्मीदवार का समर्थन करेंगे. अब देखना होगा कि वे अपने इस फैसले पर कायम रहते हैं या नहीं.

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट

इस सीट पर विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन के कारण उपचुनाव कराया जा रहा है.

पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट

यहां के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद सीट रिक्त हो गई थी. कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं. हालांकि बीजेपी ने अब तक कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है.

लुधियाना पश्चिम सीट बनी चर्चा का विषय

इस सीट को लेकर खास चर्चा तब हुई थी जब यह अफवाह उड़ी कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल यहां से चुनाव लड़ सकते हैं. लेकिन पार्टी ने इन अटकलों को खारिज करते हुए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।